Edited By Ramanjot, Updated: 03 Oct, 2026 01:00 PM

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने तथा सूचना मिलने पर रानीगंज थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मिनी ट्रक तथा बची हुई शराब की खेप जब्त कर ली है।
अररिया: बिहार के अररिया जिले में पूर्ण शराबबंदी के बीच शुक्रवार को अररिया-रानीगंज मुख्य मार्ग पर रानीगंज थाना क्षेत्र के खरहट टोल प्लाजा के समीप विदेशी शराब की खेप लेकर जा रही एक मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई, जिसके बाद वाहन में लदी शराब की बोतलें और काटर्न लूटने की होड़ मच गई। इस दुर्घटना के बाद वाहन चालक तथा शराब तस्कर मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार मिनी ट्रक अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गयी और डिवाइडर पर चढ़कर क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक में छिपाकर ले जाई जा रही विदेशी शराब की पेटियां और बोतलें सड़क पर बिखर गईं। इसके बाद आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ मौके पर जुट गई। कई लोग शराब की बोतलें और कार्टन समेटकर ले जाने लगे, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद ट्रक में सवार चालक और तस्कर मौका पाकर फरार हो गए।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने तथा सूचना मिलने पर रानीगंज थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मिनी ट्रक तथा बची हुई शराब की खेप जब्त कर ली है। सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर उसके मालिक और फरार तस्करों की पहचान की जा रही है। शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां खपाया जाना था, इसकी भी जांच की जा रही है।