Edited By Swati Sharma, Updated: 28 Sep, 2023 11:42 AM

लोकसभा चुनाव में एनडीए हो या INDIA गठबंधन सभी के लिए बक्सर लोकसभा सीट हॉट सीट बन चुका है। क्योंकि माना जाता है कि उत्तर प्रदेश और बिहार का सीमावर्ती क्षेत्र होने की वजह से बक्सर से ही उत्तर प्रदेश के क्षेत्रों में इसका राजनीतिक असर देखने को मिलता...
बक्सर: लोकसभा चुनाव में एनडीए हो या INDIA गठबंधन सभी के लिए बक्सर लोकसभा सीट हॉट सीट बन चुका है। क्योंकि माना जाता है कि उत्तर प्रदेश और बिहार का सीमावर्ती क्षेत्र होने की वजह से बक्सर से ही उत्तर प्रदेश के क्षेत्रों में इसका राजनीतिक असर देखने को मिलता है। इसी वजह से सभी घटक दलों द्वारा बक्सर लोकसभा क्षेत्र में अपना-अपना शक्ति प्रदर्शन करते हुए जनता को लुभाने का कार्य किया जाता रहता है। इसी कड़ी में बुधवार को बक्सर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा परिवर्तन संकल्प रैली का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह (Akhilesh Prasad Singh) पहुंचे हुए थे।
'दिल्ली तक पहुंचने का रास्ता अब पूरी तरह साफ'
वहीं, पूरे नगर में हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत करते हुए परिवर्तन संकल्प रैली को यादगार बनाने का भरपूर प्रयास किया। इस दौरान अपने संबोधन के जरिए प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं में जोश भरने का कार्य किया और एनडीए गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि बक्सर के रास्ते ही दिल्ली तक पहुंच जाता है और बक्सर के कार्यकर्ताओं का उमंग और जोश देखने के बाद मुझे विश्वास है कि दिल्ली तक पहुंचने का रास्ता अब पूरी तरह साफ है।
'पूरे देश में 100 सीटों के अंदर सिमट कर रह जाएगी भाजपा'
अखिलेश कुमार ने कहा कि इस बार पूरे देश में भाजपा 100 सीटों के अंदर सिमट कर रह जाएगी। क्योंकि राहुल गांधी की यात्रा और इंडिया गठबंधन के बाद हिमाचल और कर्नाटक के चुनाव परिणाम सामने है। जिसमें कांग्रेस की सरकार बनी और जिन राज्यों में चुनाव होने हैं, उसमें भी इंडिया गठबंधन की सरकार बननी तय है। साथ ही उन्होंने कहा कि पिछली बार बिहार में कांग्रेस 9 सीटों पर चुनाव लड़ी थी, मगर इस बार 10 सीटों की मांग की जाएगी।