Edited By SHUKDEV PRASAD, Updated: 28 Mar, 2026 09:58 PM

पटना में पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में ब्राउन शुगर जब्त की है। इस कार्रवाई में करीब 21 किलो से ज्यादा नशीला पदार्थ पकड़ा गया है
Bihar News: पटना में पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में ब्राउन शुगर जब्त की है। इस कार्रवाई में करीब 21 किलो से ज्यादा नशीला पदार्थ पकड़ा गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 25 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। इस पूरे मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जांच में पुलिस विभाग का ही एक सिपाही इस नेटवर्क से जुड़ा पाया गया है।
दो आरोपी गिरफ्तार, पहले भी रहा है रिकॉर्ड
पटना पुलिस की कार्रवाई में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान जितेंद्र कुमार और नीतीश कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जितेंद्र पहले भी बड़ी मात्रा में ब्राउन शुगर के साथ पकड़ा जा चुका है, जिससे उसके पुराने आपराधिक कनेक्शन भी सामने आए हैं।
अलग-अलग जगहों से बरामद हुई ड्रग्स
पुलिस को शहर के अलग-अलग इलाकों से नशीले पदार्थों की खेप मिली है। आलमगंज इलाके से भी अतिरिक्त मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद की गई। जांच में यह भी सामने आया कि ड्रग्स को शहर के एक मकान में स्टोर कर रखा गया था, जहां से इसकी सप्लाई की जाती थी।
पुलिस सिपाही निकला सिंडिकेट का हिस्सा
जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि बिहार पुलिस का एक सिपाही भी इस पूरे नेटवर्क में शामिल था। आरोपी सिपाही ऋषिकेश कुमार पर आरोप है कि वह बाहर के राज्यों से ड्रग्स की सप्लाई लाने और पैसों के लेन-देन में अहम भूमिका निभा रहा था। बताया जा रहा है कि वह पिछले कई महीनों से ड्यूटी से गायब है और फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
कैश, हथियार और अहम सबूत बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के पास से नकदी, हथियार और अन्य सामान भी बरामद किया गया है। पुलिस को मौके से लाखों रुपये कैश के साथ-साथ पिस्टल और देसी हथियार भी मिले हैं।इसके अलावा कुछ अहम दस्तावेज भी हाथ लगे हैं, जिनसे पूरे नेटवर्क के बारे में और जानकारी मिलने की उम्मीद है।
जांच जारी, बड़े नेटवर्क के खुलासे के संकेत
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई सिर्फ शुरुआत है। जांच एजेंसियां अब पूरे ड्रग्स सिंडिकेट की जड़ तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं। संभावना जताई जा रही है कि इस मामले में और भी बड़े नाम सामने आ सकते हैं।