Edited By Harman, Updated: 17 Mar, 2026 12:40 PM

Jharkhand Crime Updates : झारखंड के गोड्डा जिले से एक खौफनाक वारदात की खबर सामने आई है। यहां मंगलवार की सुबह जादू-टोने के शक में एक ही परिवार के तीन लोगों को मौत के घाट उतार दिया गया। इस तिहरे हत्याकांड के बाद से पूरे क्षेत्र में सनसनी और दहशत का...
Jharkhand Crime Updates : झारखंड के गोड्डा जिले से एक खौफनाक वारदात की खबर सामने आई है। यहां मंगलवार की सुबह जादू-टोने के शक में एक ही परिवार के तीन लोगों को मौत के घाट उतार दिया गया। इस तिहरे हत्याकांड के बाद से पूरे क्षेत्र में सनसनी और दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, गोड्डा जिले के देवदांड में मंगलवार तड़के खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया है। मृतकों की पहचान दरबारी मुर्मू, जीतराम मुर्मू और मकु बासकी के रुप में हुई हैं। आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों को इस परिवार पर लंबे समय से 'जादू-टोना' करने का संदेह था। इसी सनक में हमलावरों ने धारदार हथियारों के साथ पीड़ित के घर पर धावा बोल दिया। हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। परिवार के तीनों सदस्यों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वारदात के बाद आरोपी फरार
हत्याकांड को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों के बीच अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही देवदाद थाना पुलिस दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुँची। पुलिस ने खून से लथपथ तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया और फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने गांव के कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस घटना की गंभीरता से जांच कर रही है।