Edited By Ramanjot, Updated: 09 Aug, 2026 10:21 AM

एसपी ने बताया कि इलाके में स्मैक के कारोबार में लगातार बढ़ोतरी और शिकायतें मिलने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं करने पर थानेदार से स्पष्टीकरण मांगा गया था।
अररिया: अररिया के पुलिस अधीक्षक (एसपी) जितेंद्र कुमार की रिपोर्ट पर पूर्णिया प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) विवेकानंद ने जोगबनी के थानेदार सह पुलिस इंस्पेक्टर महादेव कामत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
एसपी जितेंद्र कुमार की ओर से भेजी गई रिपोर्ट के अनुसार, जोगबनी थानेदार महादेव कामत पर इलाके में सक्रिय अवैध स्मैक, गांजा, कोडीन व अन्य नशीले पदार्थों के तस्करों को संरक्षण देने और उनके ठिकानों पर निष्पक्ष व प्रभावी छापेमारी न करने के गंभीर आरोप हैं। इसके अलावा, पूर्व थानेदार सह इंस्पेक्टर राजीव कुमार आजाद को बचाने की नीयत से जोगबनी थाना कांड संख्या-49/2026 (धारा-111 बीएनएस एवं 08(सी)/24(बी)/25/29 एनडीपीएस एक्ट) के गिरफ्तार आरोपी घनश्याम यादव के स्वीकारोक्ति बयान का विस्तृत उल्लेख केस डायरी में नहीं करने का भी आरोप है।
एसपी ने बताया कि इलाके में स्मैक के कारोबार में लगातार बढ़ोतरी और शिकायतें मिलने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं करने पर थानेदार से स्पष्टीकरण मांगा गया था। प्राप्त स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाए जाने के बाद घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता और पुलिस की छवि धूमिल करने के आरोप में आईजी ने निलंबन की कार्रवाई की है। महादेव कामत के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।