Edited By Swati Sharma, Updated: 31 Jul, 2024 04:22 PM

जैसे-जैसे झारखंड विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे राजनीतिक दलों में हलचल भी तेज हो गई। इसी बीच झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर बिहार सरकार में जेडीयू कोटे से मंत्री श्रवण कुमार ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि झारखंड में हम लोग एनडीए के...
पटना: जैसे-जैसे झारखंड विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे राजनीतिक दलों में हलचल भी तेज हो गई। इसी बीच झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर बिहार सरकार में जेडीयू कोटे से मंत्री श्रवण कुमार ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि झारखंड में हम लोग एनडीए के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। कितने सीटों पर लड़ेंगे और किन-किन विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, ये हमारे नेता मिल बैठकर निर्णय करेंगे।
'नीतीश कुमार के नेतृत्व में झारखंड में चुनाव लड़ेंगे भी और जीतेंगे भी'
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि एनडीए से फाइनल बातें हो जाएंगी, उसके बाद उम्मीदवारों का चयन होगा। श्रवण कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में झारखंड में चुनाव लड़ेंगे भी और जीतेंगे भी। झारखंड जदयू के प्रदेश अध्यक्ष का कहना है कि हमारी तैयारी 11 विधानसभा सीटों पर है। इस पर मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष ने जो लिस्ट दिया है, वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास गोपनीय है। जब तक इस पर पार्टी के नेताओं का तालमेल नहीं बैठेगा तब तक यह कहना मुश्किल है कि कितने सीटों पर हम लोग चुनाव लड़ेंगे।
'हम लोग झाल बजाने वाली पार्टी नहीं'
जदयू नेता ने कहा कि सरयू राय से नीतीश कुमार की बात हुई है, हम लोगों की भी बात हुई है। कुछ दिन इंतजार करिए आप लोगों को सुखद संदेश मिलेगा। श्रवण कुमार ने कहा कि हम लोग झाल बजाने वाली पार्टी नहीं है। बिना जदयू के देश के किसी हिस्सा में चुनाव का परिणाम नहीं आता है।