Edited By Ramanjot, Updated: 01 Oct, 2026 05:23 PM

जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने गुरुवार को बताया कि पुल के क्षतिग्रस्त हिस्सों पर सीमा सड़क संगठन (BRO) की ओर से लगाए गए बेली ब्रिज को हटाकर वहां मजबूत स्टील ट्रस ब्रिज बनाया जाएगा।
भागलपुर: बिहार के भागलपुर और सीमांचल की लाइफलाइन माने जाने वाले विक्रमशिला गंगा पुल पर बुधवार की देर रात से आवागमन बंद कर दिया गया है। पुल की मरम्मत एवं पुनर्स्थापन कार्य के कारण अगले तीन महीने तक लोगों को जलमार्ग और वैकल्पिक सड़क मार्ग से यात्रा करनी होगी।
जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने गुरुवार को बताया कि पुल के क्षतिग्रस्त हिस्सों पर सीमा सड़क संगठन (BRO) की ओर से लगाए गए बेली ब्रिज को हटाकर वहां मजबूत स्टील ट्रस ब्रिज बनाया जाएगा। इसके लिए निर्माण एजेंसी पहुंच चुकी है। उन्होंने बताया कि आम लोगों की सुविधा के लिए भागलपुर के बियाडा घाट से नवगछिया के जाह्नवी घाट तक आधा दर्जन से अधिक बड़े जहाजों और नावों का नि:शुल्क परिचालन शुरू किया गया है।
इस सेवा से पैदल यात्रियों के साथ साइकिल और मोटरसाइकिल सवार भी गंगा पार कर सकेंगे। वहीं, बाबूपुर घाट से कार्गो जहाजों के जरिए छोटे-बड़े वाहनों के परिचालन की व्यवस्था की गई है।