Edited By Ramanjot, Updated: 26 Mar, 2026 11:30 AM

बारात जाने के दौरान गाड़ी की अगली सीट पर बैठने को लेकर हुए मामूली विवाद में पूर्व वार्ड पार्षद के पुत्र ताज तनवीर (25) पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया।
Bihar Crime: बिहार के भोजपुर जिले में बुधवार की देर शाम एक मामूली विवाद ने हिंसक मोड़ ले लिया। टाउन थाना क्षेत्र के अबरपुल निचली कल मोहल्ले में गाड़ी की अगली सीट पर बैठने के विवाद में एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया। घायल युवक की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
अगली सीट के लिए छिड़ा विवाद और खूनी अंजाम
जानकारी के अनुसार, मोहल्ले के ही मोहम्मद इजहार की बारात बक्सर जाने की तैयारी में थी। बारात में शामिल होने के लिए लोग वाहनों में सवार हो रहे थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो की अगली सीट पर बैठने को लेकर ताज तनवीर (25) और अली नाम के युवक के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि अली ने तैश में आकर चाकू निकाल लिया और ताज की गर्दन पर जोरदार वार कर दिया।
घायल की हालत चिंताजनक, अस्पताल में भर्ती
घायल ताज तनवीर पूर्व वार्ड पार्षद फमीदा खातून का पुत्र बताया जा रहा है। घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों के अनुसार, चाकू का वार गर्दन के बेहद संवेदनशील हिस्से पर हुआ है, जिससे गहरा जख्म बना है। प्राथमिक उपचार के बाद भी युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उसे लगातार ऑब्जर्वेशन में रखा गया है।
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में सनसनी: सब्जी विक्रेता की बेरहमी से हत्या, इलाके में दहशत
इलाके में दहशत, पुलिस की छापेमारी जारी
इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे मोहल्ले में तनाव और दहशत का माहौल व्याप्त है। घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरू की। पुलिस की कई टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।