Edited By Harman, Updated: 04 Apr, 2026 09:53 AM

बिहार के समस्तीपुर जिले में एक BPSC शिक्षक का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्राथमिक जांच में इस आत्मघाती कदम के पीछे प्रेम-प्रसंग बताई जा रही है।
Bihar News : बिहार के समस्तीपुर जिले में एक BPSC शिक्षक का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्राथमिक जांच में इस आत्मघाती कदम के पीछे प्रेम-प्रसंग बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र स्थित हरपुर एलौथ के ‘वास्तु विहार’ का है। मृतक की पहचान 32 वर्षीय तरुण कुमार के रूप में हुई है, जो वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र के परमानंदपुर का निवासी था। वह रामपुर केशोपट्टी मिडिल स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच में जुट गई है।
परिजनों के अनुसार, तरुण पहले से शादीशुदा था और उसका एक बच्चा भी है। उसकी पत्नी रहीमा प्रसाद भी उसी स्कूल में शिक्षिका है। बताया जा रहा है कि मुजफ्फरपुर में पोस्टिंग के दौरान तरुण की मुलाकात नालंदा की एक अन्य शिक्षिका से हुई, जिसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हो गया। इस बात की जानकारी परिवार को मिलने के बाद घर में विवाद शुरू हो गया।
मृतक के पिता अभिनव कुमार ने आरोप लगाया है कि संबंधित शिक्षिका तरुण पर तलाक के लिए दबाव बना रही थी। परिवार के मुताबिक, स्थिति इतनी बिगड़ गई थी कि तरुण की पत्नी ने भी समझौते के तहत उन्हें साथ रहने की अनुमति दे दी थी, लेकिन इसके बावजूद विवाद खत्म नहीं हुआ।
पिता का कहना है कि उक्त महिला द्वारा लगातार मानसिक दबाव बनाए जाने के कारण तरुण काफी परेशान रहने लगा था। विवाद से बचने के लिए उसने अपना तबादला भी करा लिया, लेकिन महिला वहां भी पहुंच गई और दबाव बनाना जारी रखा।
घटना से एक रात पहले भी तरुण को उस शिक्षिका का फोन आया था। परिजनों के अनुसार, फोन पर बात करने के बाद वह काफी तनाव में दिख रहा था। देर रात वह अपने कमरे में सोने चला गया। अगली सुबह दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने शोर मचाया। दरवाजा तोड़ने पर उसका शव पंखे से लटका मिला।
पुलिस अब इस मामले में कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाल रही है और आखिरी बातचीत की जांच कर रही है। परिजनों ने इसे मानसिक प्रताड़ना का मामला बताते हुए संबंधित शिक्षिका पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।