Edited By Ramanjot, Updated: 20 May, 2026 12:30 PM

जांच के दौरान पटना पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नाबालिग को नेपाल ले जाने की तैयारी में है।
Motihari News: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के सीमावर्ती शहर रक्सौल में पटना से अपहृत एक नाबालिग लड़की को पुलिस ने सकुशल बरामद करते हुए आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की जानकारी देते हुए रक्सौल थाना की एसआई जेब परवीन ने बताया कि 16 मई को पटना के खुशरूपुर थाना क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की को घर में ट्यूशन पढ़ाने वाला युवक अभिमन्यु कुमार अपने साथ लेकर फरार हो गया था। घटना के बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन लड़की का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों के आवेदन पर खुशरूपुर थाना में अभिमन्यु कुमार, उसके पिता दिनेश राय, माता आशा देवी और भाई मनीष कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
इधर, जांच के दौरान पटना पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नाबालिग को नेपाल ले जाने की तैयारी में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस करते हुए रक्सौल पहुंचकर स्थानीय पुलिस के सहयोग से भारत-नेपाल सीमा पर सघन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान नेपाल भागने की कोशिश कर रहे आरोपी अभिमन्यु कुमार को अपहृत लड़की के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी कुछ समय तक रक्सौल के एक होटल में ठहरा हुआ था और मौका मिलते ही सीमा पार करने की योजना बना रहा था।