Edited By Harman, Updated: 07 Apr, 2026 10:30 AM

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उसने पहले ज़हर देकर अपने पति की हत्या की और फिर सबूत मिटाने के लिए उसे घर...
मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उसने पहले ज़हर देकर अपने पति की हत्या की और फिर सबूत मिटाने के लिए उसे घर में जलाने की कोशिश की। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना सकरा थाना क्षेत्र के केशोपुर गांव के वार्ड संख्या 5 की है, जहां सोमवार को 32 वर्षीय अंशु कुमार की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह अपने घर के कमरे में था। परिजनों के अनुसार, कमरे से अचानक धुआं निकलता देख घर के लोगों को शक हुआ। जब दरवाजा खोला गया तो अंदर बिस्तर और अन्य सामान जले हुए मिले, जबकि अंशु अचेत अवस्था में पड़ा था। उसे तुरंत बाहर निकालकर इलाज के लिए नजदीकी निजी नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए मुजफ्फरपुर शहर रेफर कर दिया। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक की मौत ज़हर खाने से हुई है। साथ ही, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों से यह भी संकेत मिलता है कि उसे जलाने की कोशिश की गई थी। एफएसएल टीम ने मौके से सैंपल एकत्र किए हैं और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
मृतक के भाई उदय कुमार सिंह और अन्य परिजनों ने अंशु की पत्नी स्वीटी भारती पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पत्नी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
गौरतलब है कि अंशु की शादी वर्ष 2021 में हुई थी और उसके दो छोटे बेटे हैं। करीब दो साल पहले एक दुर्घटना में उसका दाहिना पैर टूट गया था, जिसके कारण वह ठीक से चल-फिर नहीं पाता था। फिलहाल पुलिस हत्या की वजह जानने के लिए पूरे मामले की जांच कर रही है।