जमुई में लड़की से बदसलूकी: राज्य महिला आयोग ने मांगी रिपोर्ट, सरकार ने दिलाया सख्त कार्रवाई का भरोसा

Edited By Ramanjot, Updated: 22 Sep, 2026 12:28 PM

jamui incident state women s commission seeks report

​​​​​​​पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) दीप्ति मोनाली के नेतृत्व में एक एसआईटी (विशेष जांच दल) गठित की गई है।

जमुई: बिहार के जमुई जिले में सड़क किनारे एक लड़के और लड़की के साथ 'बदसलूकी' के मामले में पुलिस ने सोमवार को कहा कि उसने कथित घटना से जुड़े वीडियो के आधार पर सात आरोपियों की पहचान की है, जिनमें से तीन को पकड़ लिया गया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। इस बीच, बिहार राज्य महिला आयोग ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए कथित घटना पर जिलाधिकारी से रिपोर्ट मांगी है। 

वहीं, सरकार ने घटना के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। जमुई के पुलिस अधीक्षक (SP) विश्वजीत दयाल ने संवाददाताओं से कहा कि कथित घटना 19 सितंबर की शाम की है और वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे वाहन के नंबर के आधार पर पीड़ित लड़के और लड़की का पता लगा लिया गया है। उन्होंने कहा, "कथित घटना दो दिन पुरानी है, लेकिन न तो पीड़ित लड़के और न ही लड़की ने पुलिस से कोई शिकायत की थी। जब वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तब हमने दोनों पीड़ितों का पता लगाया।" 

दयाल ने बताया कि जमुई थाने में दर्ज प्राथमिकी में पीड़ितों ने किसी आरोपी का नाम नहीं लिया है, लेकिन वीडियो फुटेज की मदद से करीब सात लोगों की पहचान कर ली गई है, जिनमें से तीन को पकड़ लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों से पूछताछ जारी है और सोशल मीडिया से वायरल वीडियो हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। दयाल ने बताया कि पीड़ित लड़का और लड़की एक ही कोचिंग संस्थान में पढ़ते हैं। हालांकि, उन्होंने यह कहते हुए कोई अन्य जानकारी साझा करने से इनकार कर दिया कि "कुछ सूचनाओं को व्यक्तिगत कारणों से गोपनीय रखा जाना जरूरी है।" 

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) दीप्ति मोनाली के नेतृत्व में एक एसआईटी (विशेष जांच दल) गठित की गई है। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने सोमवार को कहा कि लड़कियों और महिलाओं के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने बताया कि आयोग ने जमुई के जिलाधिकारी से पूरे मामले की विस्तृत जानकारी मांगी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!