Edited By Ramanjot, Updated: 24 Mar, 2026 12:42 PM

भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने शिवहर के डीडीसी बृजेश कुमार के ठिकानों पर छापेमारी की है। उन पर आय से अधिक लगभग ₹1.84 करोड़ की संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।
Bihar News : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने मंगलवार सुबह एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। शिवहर के उप विकास आयुक्त (DDC) बृजेश कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज करते हुए जांच एजेंसी ने उनके चार जिलों में स्थित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। 1997 बैच के बिहार प्रशासनिक सेवा (BAS) अधिकारी पर अपनी आय के ज्ञात स्रोतों से लगभग ₹1 करोड़ 84 लाख 32 हजार 900 अधिक की संपत्ति अर्जित करने का गंभीर आरोप है।
एक साथ चार जिलों में दबिश
विशेष न्यायालय (निगरानी), पटना से प्राप्त सर्च वारंट के आधार पर SVU की अलग-अलग टीमों ने मंगलवार तड़के छापेमारी शुरू की। निगरानी टीम ने शिवहर स्थित सरकारी आवास और के कार्यालय के साथ-साथ मोतिहारी में पैतृक आवास पर एक साथ छापेमारी की। इसके अलावा बेतिया और सीतामढ़ी में निजी ठिकाने और निवेश से जुड़े स्थल पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान शिवहर स्थित आवास पर बृजेश कुमार खुद मौजूद थे, जहाँ अधिकारियों ने घर के एक-एक सामान और फाइलों की बारीकी से तलाशी ली।
करोड़ों का निवेश और संदिग्ध दस्तावेज बरामद
जांच एजेंसी के सूत्रों के अनुसार, अब तक की तलाशी में बैंक खातों, जमीन के निवेश से जुड़े कागजात और कई संदिग्ध लेन-देन के रिकॉर्ड मिले हैं। हालांकि, जब्त नकदी और गहनों का आधिकारिक आंकड़ा जांच पूरी होने के बाद ही साझा किया जाएगा। ग्रामीण विकास और पंचायती राज जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारी के घर से मिले इन दस्तावेजों ने भ्रष्टाचार के गहरे नेटवर्क की ओर इशारा किया है।
यह भी पढ़ें- 'IAS अधिकारी ने ली 1 करोड़ की रिश्वत', CBI ने कसा शिकंजा; यौन शोषण का भी लग चुका है आरोप
पुराना है विवादों से नाता
यह पहली बार नहीं है जब बृजेश कुमार जांच के घेरे में आए हैं। मुजफ्फरपुर (पश्चिमी) के SDO रहते हुए भी उन पर पद के दुरुपयोग के आरोप लगे थे। 2021 में साहेबगंज के एक निवासी ने उनके खिलाफ मुख्यमंत्री कार्यालय और निगरानी विभाग में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। मई 2025 में शिवहर DDC बनने से पहले वह बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) में OSD के पद पर भी तैनात रह चुके हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मोतिहारी और शिवहर में कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस की भारी मौजूदगी रही ताकि साक्ष्यों के साथ कोई छेड़छाड़ न हो सके। SVU के अधिकारियों का कहना है कि बरामद दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है और साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई (जैसे गिरफ्तारी या निलंबन की अनुशंसा) की जाएगी।