Edited By Harman, Updated: 10 Feb, 2025 08:43 AM
![the modi nitish duo is giving a new direction to bihar dilip jaiswal](https://img.punjabkesari.in/multimedia/914/0/0X0/0/static.punjabkesari.in/2025_2image_08_42_540373599pmmodiandcmnitish-ll.jpg)
बिहार भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अध्यक्ष एवं राजस्व और भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल (Dilip Jaiswal) ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी( PM Modi) और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ( CM Nitish Kumar) की जोड़ी से बिहार के विकास को नई दिशा मिल रही है...
Bihar Politics: बिहार भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अध्यक्ष एवं राजस्व और भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल (Dilip Jaiswal) ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी( PM Modi) और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ( CM Nitish Kumar) की जोड़ी से बिहार के विकास को नई दिशा मिल रही है और आज किसी भी क्षेत्र में बिहार आगे बढ़ रहा है। दरभंगा के लहेरियासराय के कर्पूरी ग्राउंड मेडिकल मैदान में रविवार को आयोजित भव्य और विराट एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ.जायसवाल ने कहा कि निष्ठावान कार्यकर्ता ही हमारे संगठन की पहचान है।
"NDA को जनता पसंद कर रही"
दिलीप जायसवाल ने कहा कि दिल्ली की जनता भी अब बिहार की राह पर चलते हुए डबल इंजन की सरकार पर मुहर लगाई है। डॉ.जायसवाल ने एनडीए गठबंधन को सच्चाई और विकास का गठबंधन बताते हुए कहा कि इस गठबंधन के सामने कई गठबंधन आए लेकिन स्वार्थ और सत्ता के कारण वे टिक नहीं पाए जबकि एनडीए को जनता पसंद कर रही है।
बिहार विधानसभा चुनाव में NDA की जीत होगी-उमेश सिंह कुशवाहा
जनता दल यूनाइटेड (JDU) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने अगले विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत का दावा करते हुए कहा कि हमारे पास न केवल कुशल नेतृत्व है बल्कि हमारे पास कार्यकर्ताओं की बड़ी फौज है जिनके पास जोश भी है, जुनून भी है और उत्साह भी है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का यह जोश और उत्साह साफ संकेत दे रहा है कि इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत होगी। उन्होंने कहा कि आज एनडीए पूरी ताकत से एकजुट है।
"देश की जनता का विश्वास एनडीए सरकार के प्रति बढ़ा"
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि आज बिहार ही नहीं देश की जनता का विश्वास एनडीए सरकार के प्रति बढ़ा है। उन्होंने कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि कांग्रेस अब परजीवी हो चुकी है। कांग्रेस तो खुद समाप्त हो ही रही है और जो उसके साथ रह रही है, उसे भी डुबो रही है। उन्होंने हालांकि यह भी कहा कि कांग्रेस अब बची ही नहीं है।
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि दरभंगा हो या प्रदेश का कोई कोना हो, वहां के लोग जंगलराज के उस दौर को अभी तक नहीं भूले हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे लोग भी आज के युवाओं को उस दौर से अवगत कराएं कि उस दौर में सड़कों और बिजली की हालत क्या थी। उस समय उद्योग के नाम पर अपहरण उद्योग चलता था। राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो )के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने कहा कि आज देश में कहीं भी जाइए एनडीए सरकार की विकास नीतियों का जबरदस्त समर्थन है। दरअसल, लोग अब डबल इंजन की ताकत को पहचान चुके हैं। लगातार दो बजट से बिहार पर जिस प्रकार केंद्र सरकार ने विशेष ध्यान दिया है वह किसी से छिपा नहीं है। केंद्र की सरकार हो या प्रदेश की सरकार हो, उसकी प्राथमिकता गरीब कल्याण रही है।