Edited By Jyoti M, Updated: 01 Apr, 2026 02:43 PM

हिमाचल प्रदेश में प्रवेश शुल्क (एंट्री टैक्स) की दरों में अचानक हुई बढ़ोतरी के कारण पंजाब-हिमाचल सीमा पर भारी हंगामा देखने को मिला। बुधवार को बिलासपुर जिले के गरामोड़ा में नाराज वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने चक्का जाम कर दिया, जिससे मनाली-चंडीगढ़...
हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश में प्रवेश शुल्क (एंट्री टैक्स) की दरों में अचानक हुई बढ़ोतरी के कारण पंजाब-हिमाचल सीमा पर भारी हंगामा देखने को मिला। बुधवार को बिलासपुर जिले के गरामोड़ा में नाराज वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने चक्का जाम कर दिया, जिससे मनाली-चंडीगढ़ हाईवे पर सुबह से दोपहर तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि प्रशासन ने बिना किसी पूर्व सूचना के टैक्स की दरें बढ़ा दीं, जिससे कार चालकों से 170 रुपये तक वसूले जा रहे हैं।
इस विरोध प्रदर्शन के कारण सीमा के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे दफ्तर जाने वाले लोगों और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति को बिगड़ता देख नैना देवी के एसडीएम और डीएसपी ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को शांत कराया, जिसके बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे यातायात फिर से शुरू हो पाया।
इलाका संघर्ष समिति ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि 10 दिनों के भीतर बढ़ी हुई दरों को वापस नहीं लिया गया, तो वे फिर से हाईवे जाम करेंगे। इस बीच, जाम से बचने के लिए यात्रियों को मंडी भराड़ी से नैना देवी-टोबा लिंक रोड होकर आनंदपुर साहिब जाने वाले वैकल्पिक रास्ते का उपयोग करने की सलाह दी गई है, क्योंकि इस मार्ग पर कोई टैक्स बैरियर नहीं है।