Edited By Khushi, Updated: 30 Apr, 2023 11:20 AM
आज कल लिव इन रिलेशनशिप में प्रेमी द्वारा प्रेमिका की हत्या करने के कई मामले सामने आ रहे हैं। ऐसा ही मामला झारखंड के रांची जिले से आया है जहां लिव इन रिलेशन में रह रही प्रेमिका की हत्या उसके प्रेमी ने कर दी।
रांची: आज कल लिव इन रिलेशनशिप में प्रेमी द्वारा प्रेमिका की हत्या करने के कई मामले सामने आ रहे हैं। ऐसा ही मामला झारखंड के रांची जिले से आया है जहां लिव इन रिलेशन में रह रही प्रेमिका की हत्या उसके प्रेमी ने कर दी। वहीं, पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
लिव इन में रह रही प्रेमिका की हत्या
मामला जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र का है। यहां कनकटा पांडू टुंगरी जंगल में बीते 27 अप्रैल को एक अज्ञात युवती का शव मिला था, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी सूचना दी थी। उस वक्त युवती की शिनाख्त नहीं हो पाई। इसके बाद पुलिस ने सभी थानों को युवती के शव की जानकारी दी, जिसके बाद युवती की पहचान खलारी थाना क्षेत्र की रहने वाली मंजू के रूप में हुई। पुलिस ने मामले की जांच की तो आरोपी प्रेमी को हिरासत में लिया गया और आरोपी ने हत्या की बात पुलिस के सामने स्वीकार की।
शादी का दबाव बना रही थी युवती
आरोपी सुनीत महतो ने पुलिस को बताया कि मंजू और वह दोनों एक साथ बेंगलुरु में नौकरी करते थे। दोनों रांची के ही रहने वाले थे तो दोस्ती भी तुरंत हो गई और उसके बाद दोस्ती प्यार में बदल गई। इसी बीच दोनों की नजदीकियां कुछ इस कदर बढ़ गई कि दोनों लिव इन में रहने लगे, लेकिन अचानक सुनीत घरवालों के बुलाने पर मंजू को छोड़कर बेंगलुरु से रांची आ गया और रांची आने के बाद उसने अपना मोबाइल बंद कर दिया। इसके बाद मंजू ने काफी दिनों तक सुनीत का बेंगलुरु में इंतजार किया, लेकिन जब वह नहीं आया तो वह भी रांची आ गई। रांची आने के बाद वह सुनीत के घर पहुंच गई और उस पर शादी का दबाव डालने लगी। इसी कारण आरोपी प्रेमी ने जंगल में ले जाकर उसकी हत्या कर दी।