Edited By Harman, Updated: 02 Aug, 2025 09:05 AM

झारखंड के दुमका जिले में शुक्रवार सुबह भारी बारिश के कारण मकानों के ढहने की दो अलग-अलग घटनाओं में दो की मौत हो गई और एक घायल हो गया।
दुमका: झारखंड के दुमका जिले में शुक्रवार सुबह भारी बारिश के कारण मकानों के ढहने की दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि हंसडीहा थाना क्षेत्र में बामनखेता गांव में भारी बारिश के कारण मकान ढह जाने से 10 वर्षीय लड़के की मौत हो गई और उसकी बड़ी बहन घायल हो गई।
दीवार के मलबे में दबने से बुजुर्ग और बच्चे की मौत
हंसडीहा के थाना प्रभारी प्रकाश सिंह ने बताया कि बच्चे घर में थे और नाश्ता तैयार किया जा रहा था कि तभी ईंट और गारे से बने कच्चे मकान की दीवार उनके ऊपर गिर गई। उन्होंने कहा, ‘‘स्थानीय लोगों ने मलबा हटाकर बच्चों को निकाला। एक बच्चे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे घायल बच्चे को इलाज के लिए देवघर भेजा गया।'' पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान अमन कुमार के रूप में हुई है। उसकी बहन मासूम कुमारी (14) भी इस घटना में घायल हो गई।
सरैयाहाट थाना प्रभारी राजेंद्र यादव ने बताया कि सरैयाहाट थाना क्षेत्र के बेलुडीह गांव में एक मकान की दीवार ढह जाने से 92 वर्षीय तिल्ली मरीक नामक व्यक्ति की मौत हो गई।