Edited By Ramanjot, Updated: 03 Mar, 2025 11:50 AM

बिहार की राजधानी पटना से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। महिला ठेकेदार संजना झा ने भवन निर्माण विभाग के अधिकारियों पर टेंडर के बदले 'बेड शेयर' करने की मांग करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। 27 फरवरी को आलमगंज थाना क्षेत्र में उन पर जानलेवा...
पटना: बिहार की राजधानी पटना से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। महिला ठेकेदार संजना झा ने भवन निर्माण विभाग के अधिकारियों पर टेंडर के बदले 'बेड शेयर' करने की मांग करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। 27 फरवरी को आलमगंज थाना क्षेत्र में उन पर जानलेवा हमला हुआ। संजना झा का कहना है कि जब उन्होंने अधिकारियों की अनुचित मांग को ठुकरा दिया, तो उन्हें टेंडर से वंचित कर हमला करवा दिया गया।
'बेड शेयर' न करने पर टेंडर से किया वंचित, फिर हुआ हमला
27 फरवरी को पटना सिटी के आलमगंज थाना क्षेत्र में महिला ठेकेदार संजना झा पर गोली चलाई गई। उनका कहना है कि विभाग के पांच अधिकारियों ने टेंडर देने के बदले आपत्तिजनक मांग की। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो उन्हें टेंडर से वंचित कर हमला करवा दिया गया।
पहले भी हो चुका है हमला, पुलिस पर भी उठाए सवाल
पीड़िता संजना झा और उनके पति अमन झा ने आलमगंज थाने में पांच अधिकारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि यह पहला हमला नहीं है। इससे पहले भी 2024 में शास्त्रीनगर स्थित भवन निर्माण विभाग के दफ्तर में उनके ऊपर हमला किया गया था। लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
संजना झा बोलीं – 'महिलाओं का अपमान बर्दाश्त नहीं'
संजना झा ने कहा, "आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं, लेकिन कुछ लोग अब भी ऐसी गंदी मानसिकता रखते हैं।" उन्होंने आगे कहा कि "टेंडर के बदले बेड शेयर करने की मांग करना और फिर हमला करवाना बेहद शर्मनाक है।"
पुलिस का दावा – 'जांच जारी'
आलमगंज थानाध्यक्ष के अनुसार, संजना झा की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। हालांकि, पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने पहले इस मामले में ढील बरती। फिलहाल, पुलिस सबूत इकट्ठा कर आगे की कार्रवाई करने का दावा कर रही है।