Edited By Ramanjot, Updated: 20 Mar, 2026 01:17 PM

विधायक विभा देवी और पूर्व मंत्री राजवल्लभ यादव के छोटे पुत्र अखिलेश यादव का गुरुवार देर शाम सड़क हादसे में निधन हो गया। शुक्रवार सुबह पैतृक गांव में गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
JDU MLA son accident: बिहार की राजनीति से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। नवादा से जेडीयू विधायक विभा देवी और पूर्व राज्यमंत्री राजवल्लभ प्रसाद यादव के छोटे पुत्र अखिलेश यादव की एक भीषण सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। यह हादसा गुरुवार देर शाम उनके पैतृक आवास से महज 500 मीटर की दूरी पर हुआ। इस घटना के बाद पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है और विधायक परिवार में कोहराम मच गया है।
अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई थार
परिजनों और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, अखिलेश यादव गुरुवार देर शाम अपनी थार गाड़ी लेकर आवास से निकले थे। घर से कुछ ही दूरी पर उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक विशाल बरगद के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और अखिलेश गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
अखिलेश के बड़े भाई एकलव्य यादव ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। स्थिति नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। पटना के एक निजी अस्पताल में विशेषज्ञों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और उन्होंने दम तोड़ दिया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
जब अखिलेश का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव 'पथर इंग्लिश' पहुंचा, तो वहां चीख-पुकार मच गई। अपने छोटे बेटे का शव देख विधायक विभा देवी सुध-बुध खो बैठीं और बार-बार बेहोश होने लगीं। समर्थकों और ग्रामीणों की भारी भीड़ गमगीन परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रही है।

नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई
शुक्रवार सुबह अखिलेश यादव का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में ही कर दिया गया। उनके दादाजी की प्रतिमा के समीप अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई, जहां उनके बड़े बेटे रचित ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान भारी संख्या में राजनीतिक दल के नेता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- जवान के साथ आपत्तिजनक हालत में थी महिला सिपाही, तभी पहुंचा गया पति; बंद कमरे में जो देखा...
DM के नाम से चल रहा फर्जी अकाउंट...मैसेज आए तो तुरंत करें ब्लॉक, प्रशासन ने जारी की चेतावनी