Edited By Swati Sharma, Updated: 17 May, 2023 02:22 PM
जानकारी के मुताबिक, घटना भागलपुर के नाथनगर की है। बताया जा रहा है कि नाथनगर के रहने वाले विशुनदेव मंडल (80) का सोमवार को निधन हो गया था। उनके अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। इसी बीच पति के मौत के सदमे में 2 घंटे बाद ही पत्नी चंदा देवी (70)...
भागलपुर: सात फेरे लेकर सात जन्म तक साथ जीने-मरने का वादा तो सभी करते हैं। सबकी इच्छा भी होती है, लेकिन ऐसा नसीब किसी-किसी का ही होता है। कुछ ऐसा ही बिहार के भागलपुर जिले में देखने को मिला है, जहां पर वृद्ध पति की मौत के कुछ देर बाद ही पत्नी ने भी दम तोड़ दिया। घर से दोनों की अर्थी साथ-साथ उठीं। एक ही चिता पर दोनों का अंतिम संस्कार किया गया।
दोनों की एक साथ उठीं अर्थी
जानकारी के मुताबिक, घटना भागलपुर के नाथनगर की है। बताया जा रहा है कि नाथनगर के रहने वाले विशुनदेव मंडल (80) का सोमवार को निधन हो गया था। उनके अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। इसी बीच पति के मौत के सदमे में 2 घंटे बाद ही पत्नी चंदा देवी (70) की भी मौत हो गई। मंगलवार को घर से एक साथ दो अर्थी निकली तो लोग जमा हो गए। हर किसी की आंखें नम हो गईं। वहीं अंत्येष्टि स्थल पर पहुंचने के बाद दोनों को एक ही चिता पर लिटाया गया और अंतिम संस्कार कर दिया गया।
"इस तरह की घटना इलाके में पहली बार हुई"
इधर, पति-पत्नी के इस अटूट प्रेम के बारे में जो भी सुना वही भावुक हो गया। परिवार के लोगों ने भी मरने के बाद उन्हें जुदा नहीं होने दिया। जिला सरपंच संघ के महामंत्री जीतन मंडल ने कहा कि इस तरह की घटना इलाके में पहली बार हुई है। बता दें कि दंपती को 5 पुत्र और 2 पुत्रियां हैं।