Edited By Ramanjot, Updated: 18 Jul, 2025 09:23 AM

पटना के एक बड़े अस्पताल में गुरुवार सुबह हुई गोलीबारी ने पूरे शहर को हिला कर रख दिया। चर्चित अपराधी चंदन मिश्रा की आज सुबह करीब 7 बजे पांच हथियारबंद बदमाशों ने पारस अस्पताल में घुसकर हत्या कर दी।
Chandan Mishra Murder Case Patna:पटना के एक बड़े अस्पताल में गुरुवार सुबह हुई गोलीबारी ने पूरे शहर को हिला कर रख दिया। चर्चित अपराधी चंदन मिश्रा की गुरुवार सुबह करीब 7 बजे पांच हथियारबंद बदमाशों ने पारस अस्पताल में घुसकर हत्या कर दी। हमलावरों ने उसे निशाना बनाकर गोलियों से छलनी कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चंदन मिश्रा मूल रूप से बक्सर जिले का रहने वाला था और आपराधिक दुनिया में उसका लंबा इतिहास रहा है।
घटना के बाद बिहार की राजधानी में सनसनी फैल गई। आम जनता से लेकर राजनीतिक गलियारों तक राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे। दिन भर इस हत्याकांड की चर्चा होती रही और पुलिस की सक्रियता को लेकर भी कई प्रतिक्रियाएं सामने आईं।
जांच में नए मोड़, STF और पुलिस कर रही छापेमारी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। इनमें से एक को मुख्य शूटर बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
मिली जानकारी के मुताबिक, इस सनसनीखेज वारदात में शामिल दो शूटरों की पहचान हो चुकी है। एक आरोपी पटना के बोरिंग रोड इलाके से और दूसरा फुलवारी शरीफ से जुड़ा बताया जा रहा है। इनपुट्स के आधार पर राजधानी पटना के कई इलाकों में STF और पुलिस की टीमें ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं।
पटना SSP का बयान
एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि, "तकनीकी निगरानी और मानव खुफिया इनपुट्स के आधार पर पुलिस आरोपियों के बहुत नजदीक पहुंच चुकी है। जल्द ही पूरे घटनाक्रम का पर्दाफाश किया जाएगा। इस हत्याकांड को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया है, जिसमें अस्पताल के अंदरूनी लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।"
कौन था चंदन मिश्रा?
चंदन मिश्रा, बक्सर निवासी और लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त बताया जाता है। वह इस समय बेउर जेल में बंद था, लेकिन इलाज के लिए उसे पैरोल पर बाहर लाया गया था। ऑपरेशन के बाद वह पारस अस्पताल में भर्ती था और जानकारी के अनुसार अगले ही दिन उसे वापस जेल भेजा जाना था। इससे पहले ही उसे मौत के घाट उतार दिया गया।
इस पूरी वारदात ने एक बार फिर बिहार में अपराध और लॉ एंड ऑर्डर को लेकर बहस छेड़ दी है।