Edited By Nitika, Updated: 23 Dec, 2020 05:39 PM

बिहार में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ती जा रही है। इस बीच अब पटना के फुलवारी शरीफ में हथियारबंद बदमाशों के द्वारा घर में घुसकर युवती का सरेआम अपहरण कर लिया गया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
पटना: बिहार में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ती जा रही है। इस बीच अब पटना के फुलवारी शरीफ में हथियारबंद बदमाशों के द्वारा घर में घुसकर युवती का सरेआम अपहरण कर लिया गया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। वहीं लड़की की किडनैपिंग के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सीधे पुलिस मुख्यालय गए। उन्होंने आला अधिकारियों के साथ बातचीत भी की।

मामला पटना के फुलवारी शरीफ का है, जहां पर नोहसा इलाके में मंगलवार देर रात लगभग 20 की संख्या में कार सवार बदमाशों ने हथियार के बल पर 22 साल की युवती का अपहरण कर लिया। बताया जा रहा कि जिस लड़की का अपहरण हुआ वो ट्यूशन टीचर है। वारदात के दौरान घरवालों के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने बदमाशों को खदेड़ा तो उन्होंने 5 से 6 राउंड फायरिंग भी की। फायरिंग करते हुए सभी बदमाश फरार हो गए। वहीं घटना के बाद इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई। नाराज लोगों ने इस वारदात को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। इस बीच मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने लोगों को शांत करवाया।

बता दें कि पुलिस को घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज में कार सवार बदमाशों के भागने की तस्वीरें मिली है। युवती के घर के बगल में ही आरोपी फिरोज का घर बन रहा है जो मूल रूप से सहरसा का रहने वाला बताया जा रहा है। छानबीन में पता चला कि युवती फिरोज के घर में पढ़ाने जाया करती थी। पुलिस के द्वारा मामले की छानबीन की जा रही है।