Edited By Ramanjot, Updated: 09 Aug, 2026 01:29 PM

दूसरी तरफ सप्लायर ने जीएम से 50 हजार रुपए में डील फाइनल कर ली थी। शनिवार की सुबह निगरानी के डीएसपी सतीश चंद्र माधव की अगुवाई में टीम ने शिवपुरी स्थित महाप्रबंधक के आवास पर छापेमारी की।
अररिया: बिहार के अररिया जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने शनिवार की सुबह उद्योग विभाग के जिला महाप्रबंधक (GM) अनिल कुमार मंडल को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों गिरफ्तार किया है। महाप्रबंधक की गिरफ्तारी शहर के शिवपुरी स्थित किराए के आवास से हुई है। आरोपी महाप्रबंधक ने अररिया के एक सप्लायर से 85 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। पकड़े जाने के बाद आरोपी अनिल मंडल को निगरानी की टीम पूछताछ के लिए अपने साथ पटना ले गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल ने इंडस्ट्री के लिए मशीन सप्लायर कमर आलम से प्रति मशीन पांच प्रतिशत कमीशन की दर से 85 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। हाल हीं में कमर आलम ने उद्योग विभाग की अनुशंसा पर इंडस्ट्री लगाने वाले लोगों को 17 लाख का मशीन सप्लाई किया था। महाप्रबंधक की मांग से परेशान होकर सप्लायर ने मामले की शिकायत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में दर्ज कराई। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद निगरानी विभाग ने निगरानी थाना में कांड संख्या 95/26 दर्ज करते हुए एक विशेष टीम का गठन किया था।
दूसरी तरफ सप्लायर ने जीएम से 50 हजार रुपए में डील फाइनल कर ली थी। शनिवार की सुबह निगरानी के डीएसपी सतीश चंद्र माधव की अगुवाई में टीम ने शिवपुरी स्थित महाप्रबंधक के आवास पर छापेमारी की। जैसे ही सप्लायर ने महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल को 50 हजार रुपए दिए, पहले से तैयार निगरानी की टीम ने उन्हें मौके पर ही रंगेहाथों दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद निगरानी की टीम कागजी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी महाप्रबंधक को अपने साथ पटना लेकर रवाना हो गई है, जहां उन्हें निगरानी अदालत में पेश किया जाएगा।