Edited By Ramanjot, Updated: 25 Sep, 2026 09:45 AM

विभाग ने इस मामले की जांच के लिए प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को निर्देश दिए थे। साथ ही वजीरगंज के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) को भी विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट देने को कहा गया था।
पटना: बिहार सरकार शिक्षा विभाग ने गया जिले के वजीरगंज प्रखंड स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय, जमुआंवा के स्मार्ट क्लास में विद्यार्थियों के नृत्य करने के मामले में जांच के बाद विद्यालय के प्रधानाध्यापक समेत अन्य कर्मियों के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा की है।
शिक्षा विभाग की ओर से सूचना के अनुसार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी की जांच में 21 सितंबर को मध्यान्तर के दौरान विद्यार्थियों द्वारा स्मार्ट क्लास में गाने पर नृत्य किए जाने की पुष्टि हुई है। मामले को विभाग ने गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस जांच के दौरान विद्यालय में शिक्षकों की कार्यशैली से जुड़ी अन्य अनियमितताएं भी सामने आई हैं। रिपोर्ट के अनुसार, कुछ शिक्षक-शिक्षिकाओं के बीच आपसी राजनीति, निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक के साथ अभद्र व्यवहार, शैक्षणिक कार्यों के प्रति अपेक्षित रुचि नहीं लेने तथा अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने की बातें सामने आई हैं।
विभाग ने इस मामले की जांच के लिए प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को निर्देश दिए थे। साथ ही वजीरगंज के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) को भी विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट देने को कहा गया था। विभाग ने जांच रिपोर्ट के आधार पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं अन्य संबंधित कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा की है।