Bihar Lok Sabha Elections: छठे चरण की 5 सीट पर इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी पहली बार लड़ेंगे लोकसभा का चुनाव

Edited By Ramanjot, Updated: 24 May, 2024 02:47 PM

india alliance candidates will contest for first time in lok sabha

छठे चरण की पांच सीट शिवहर, सीवान, पश्विम चंपारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज (सु) में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी पहली बार चुनावी रणभूमि में ताल ठोकते नजर आएंगे। शिवहर संसदीय सीट से इंडिया गठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने पूर्व मुखिया रितु...

पटना: बिहार में लोकसभा चुनाव के छठे चरण में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी पांच सीट शिवहर, सीवान, पश्विम चंपारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज (सु) में पहली बार चुनावी रणभूमि में ताल ठोकते नजर आएंगे। बिहार लोकसभा चुनाव में छठे चरण का मतदान 25 मई को महाराजगंज, पूर्वी चंपारण, वैशाली, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज (सु), वाल्मीकिनगर ,शिवहर और सीवान में होने जा रहा हैं। इनमें से दो सीट शिवहर और सीवान की वर्तमान महिला सांसद को राजग ने बेटिकट कर दिया है जबकि अन्य छह सीट पर राजग के वर्तमान सांसद चुनावी मैदान में डटे हैं। 

शिवहर सीट पर दो महिला प्रत्याशी के बीच मुकाबला 
छठे चरण की पांच सीट शिवहर, सीवान, पश्विम चंपारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज (सु) में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी पहली बार चुनावी रणभूमि में ताल ठोकते नजर आएंगे। शिवहर संसदीय सीट से इंडिया गठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने पूर्व मुखिया रितु जायसवाल को चुनावी अखाड़ा में उतारा है जबकि भाजपा ने अपनी की वर्तमान सांसद रमा देवी को बेटिकट कर दिया है। जदयू ने यहां पूर्व सांसद आनंद मोहन सिंह की पत्नी लवली आनंद को उम्मीदवार बनाया है। रितु जायसवाल पहली बार लोकसभा के रण में अपनी किस्मत आजमां रही हैं। इस बार के चुनाव में शिवहर एकमात्र सीट है, जहां राजग और इंडिया गठबंधन की दो महिला प्रत्याशी के बीच मुकाबला होगा। शिवहर संसदीय सीट से जदयू, राजद, बहुजन समाज पार्टी (बसपा),ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन समेत 12 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है।

सीवान में देखने को मिलेगी त्रिकोणीय जंग
सीवान संसदीय सीट से राजद ने अपने दिग्गज नेता पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और छह बार के विधायक अवध बिहारी चौधरी को चुनावी अखाड़े में उतारा है। वहीं राजग में शामिल जदयू ने वर्तमान सांसद कविता सिंह को बेटिकट कर पूर्व विधायक रमेश सिंह कुश्वाहा की पत्नी विजया लक्ष्मी देवी को उम्मीदवार बनाया है। पूर्व बाहुबली सांसद मोहम्मद शाहबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब निर्दलीय चुनावी रण में डटी हैं। सीवान में त्रिकोणीय जंग देखने को मिलेगी। सीवान संसदीय सीट से राजद, जदयू, बहुजन समाज पार्टी, नौ निर्दलीय समेत 13 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है।

पश्चिम चंपारण से चुनावी चौका लगाने की फिराक में जायसवाल
पश्चिम चंपारण सीट से इंडिया गठबंधन के घटक कांग्रेस ने पूर्व विधायक मदन मोहन तिवारी को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं इस सीट पर पूर्व सांसद मदन प्रसाद जायसवाल के पुत्र वर्तमान सांसद डा.संजय जायसवाल चुनावी चौका लगाने की फिराक में है। पश्चिम चंपारण संसदीय सीट से भाजपा, कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी, समेत 08 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है। 

पूर्वी चंपारण से राधा मोहन सिंह लगा चुके हैं जीत की हैट्रिक 
वहीं पूर्वी चंपारण सीट से इंडिया गठबंधन में शामिल विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के टिकट पर पूर्व विधायक डा. राजेश कुशवाहा प्रत्याशी हैं। वहीं इस सीट से भाजपा के वर्तमान सांसद राधा मोहन सिंह चौथी बार चुनाव लड़ रहे हैं। पूर्वी चंपारण सीट से राधा मोहन सिंह जीत की हैट्रिक लगा चुके हैं। वह मोतिहारी सीट से भी तीन बार सांसद रहे हैं। पूर्वी चंपारण संसदीय सीट से भाजपा, वीआईपी, छह निर्दलीय समेत 12 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है। 

गोपालगंज सीट पर BJP और VIP के बीच मुकाबला 
गोपालगंज (सु) सीट से इंडिया गठबंधन में शामिल (VIP) ने प्रेमनाथ चंचल उर्फ चंचल पासवान को अपना उम्मीदवार बनाया है। चंचल भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष ई. सुदामा मांझी के पुत्र हैं। वहीं जदयू के वर्तमान सांसद आलोक कुमार सुमन दूसरी बार जीत के लिए प्रयासरत हैं। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रत्याशी दीनानाथ मांझी यहां मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने में लगे हैं। गोपालगंज (सु) सीट से जदयू, वीआईपी ,बहुजन समाज पार्टी (BSP), AIMIM समेत 11 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है। 

वैशाली सीट से RJD ने मुन्ना शुक्ला पर लगाया दांव 
वैशाली संसदीय सीट से राजग के घटक दल लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की वतर्मान सांसद वीणा देवी दूसरी बार जीत के लिए ललायित है, वहीं इंडिया गठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने पूर्व बाहुबली विधायक विजय शुक्ला उर्फ मुन्ना शुक्ला पर दांव लगाया है। राजद प्रत्याशी विजय शुक्ला तीसरी बार वैशाली के लोकसभा के रण में उतरे हैं। इससे पूर्व दो बार उन्हें मात मिली थी। वैशाली संसदीय सीट से लोजपा (रामविलास), राजद, बहुजन समाज पार्टी, पांच निर्दलीय समेत 15 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है।

वाल्मीकिनगर सीट पर JDU के वर्तमान सांसद ठोक रहे ताल 
वाल्मीकिनगर सीट पर राजग में शामिल जदयू के वर्तमान सांसद सुनील कुमार फिर चुनावी रणभूमि में ताल ठोक रहे हैं, वहीं इंडिया गठबंधन गठबंधन में शामिल राजद प्रत्याशी दीपक यादव चुनावी मैदान में डटे हैं। वाल्मीकीनगर संसदीय सीट से जदयू, राजद,समेत 10 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है।

महाराजगंज सीट से जीत की हैट्रिक लगाने की फिराक में सिग्रीवाल 
महाराजगंज संसदीय सीट से भाजपा के वर्तमान सांसद जर्नादन सिंह सिग्रीवाल जीत की हैट्रिक लगाने की फिराक में हैं, वहीं इंडिया गठबंधन के घटक दल कांग्रेस ने यहां पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह के पुत्र आकाश कुमार सिंह को प्रत्याशी बनाया है। महाराजगंज सीट से भाजपा, कांग्रेस, आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिम लीग समेत पांच प्रत्याशी चुनावी मैदान में डटे हैं।     
 

Related Story

Trending Topics

India

97/2

12.2

Ireland

96/10

16.0

India win by 8 wickets

RR 7.95
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!