Edited By Ramanjot, Updated: 24 Apr, 2026 03:37 PM

हादसा जिले के गिद्धौर-झाझा मुख्य मार्ग (NH-333) पर हुआ। बताया जा रहा है कि वाहन समस्तीपुर से सुधा दूध की खेप लेकर झारखंड के देवघर की ओर जा रहा था।
Jamui Road Accident: बिहार के जमुई जिले में शुक्रवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां एक दूध वाहन और हाईवा के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दूध वाहन के परखच्चे उड़ गए और चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
केबिन में फंसा रहा चालक
जानकारी के अनुसार, हादसा जिले के गिद्धौर-झाझा मुख्य मार्ग (NH-333) पर हुआ। बताया जा रहा है कि वाहन समस्तीपुर से सुधा दूध की खेप लेकर झारखंड के देवघर की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन बनझुलिया गांव के पास पहुंचा तो विपरीत दिशा से आ रहे अनियंत्रित हाईवा ने उसे सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि दूध गाड़ी का चालक मोहम्मद मुख्तार स्टीयरिंग और केबिन के बीच बुरी तरह फंस गया। लगभग 30 मिनट तक वह फंसा रहा।
हाईवा चालक हिरासत में
वहीं मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला। इस हादसे में उपचालक मोहम्मद मुबारक और कर्मी संजीत साव भी गंभीर रूप से घायल हो गए। इधर, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल जमुई में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने चालक मोहम्मद मुख्तार की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया है। उधर, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हाईवा चालक को हिरासत में ले लिया है। इसके साथ ही पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।