Edited By Ramanjot, Updated: 12 Aug, 2025 10:20 PM

पुलिस ने 13 जुलाई 2025 को मुफसिल थाना क्षेत्र के बाक मोड़ पर हुए डबल मर्डर केस के एक शूटर बब्लू मंडल उर्फ बब्लू कुमार को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
मुंगेर: पुलिस ने 13 जुलाई 2025 को मुफसिल थाना क्षेत्र के बाक मोड़ पर हुए डबल मर्डर केस के एक शूटर बब्लू मंडल उर्फ बब्लू कुमार को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह गिरफ्तारी रक्षा बंधन के मौके पर ससुराल आए अपराधी को दबोचने के लिए की गई विशेष छापेमारी में हुई।
दिन-दहाड़े हुई थी दोहरी हत्या
13 जुलाई 2025 को मुफसिल थाना क्षेत्र में अपराधियों ने मनजीत मंडल और उनके ड्राइवर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक की मां के आवेदन पर मुफसिल थाना कांड संख्या 258/24, दिनांक 14.07.2024, धारा 103/61(2)/3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज हुआ था।
अब तक इस मामले में कुल 7 अपराधियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि 2 ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था। घटना में शामिल दो शूटर्स फरार थे, जिनमें से एक को पुलिस ने अब पकड़ लिया है।
गुप्त सूचना और सटीक कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक, मुंगेर को गुप्त सूचना मिली कि कांड का एक शूटर बब्लू मंडल (पिता अलख निरंजन मंडल) अपने ससुराल ग्राम खैरा, थाना तारापुर में पत्नी के साथ मौजूद है। तकनीकी सत्यापन के बाद एसपी के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई, जिसमें प्रभारी जिला आसूचना इकाई, थानाध्यक्ष मुफसिल और सशस्त्र बल शामिल थे।
विशेष टीम ने तारापुर थाना पुलिस के सहयोग से छापेमारी की और बब्लू मंडल को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
लंबा आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार बब्लू मंडल का आपराधिक इतिहास काफी गंभीर है। वह पूर्व में भी फिरौती के लिए हत्या करने में शामिल रहा है। मुंगेर और लखीसराय जिले के कई थानों में उसके खिलाफ हत्या के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि कांड में शामिल दूसरे शूटर की पहचान हो चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
बब्लू मंडल उर्फ बब्लू कुमार, पिता अलख निरंजन मंडल, सा. कुशवाहा टोला नाकी, थाना शामपुर, जिला मुंगेर।
छापेमारी टीम के सदस्य
- पु.नि. विपीन कुमार सिंह, थानाध्यक्ष मुफसिल
- पु.नि. चंदन कुमार, प्रभारी जिला आसूचना इकाई, मुंगेर
- जिला आसूचना इकाई टीम, मुंगेर
- थाना सशस्त्र बल