Edited By Harman, Updated: 07 Apr, 2026 01:05 PM

बिहार के वैशाली जिले में सोमवार देर शाम पुलिस अधिकारी ने खुद ही अपना जीवन खत्म कर लिया, जिससे पूरे पुलिस महकमे में शोक और सनसनी की लहर दौड़ गई है। वहीं इस मामले में तिरहुत रेंज के डीआईजी चंदन कुमार कुशवाहा ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस की प्रारंभिक...
Bihar News : बिहार के वैशाली जिले में सोमवार देर शाम पुलिस अधिकारी ने खुद ही अपना जीवन खत्म कर लिया, जिससे पूरे पुलिस महकमे में शोक और सनसनी की लहर दौड़ गई है। वहीं इस मामले में तिरहुत रेंज के डीआईजी चंदन कुमार कुशवाहा ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह मामला पूरी तरह से एक महिला कांस्टेबल के साथ चल रहे प्रेम प्रसंग और उसके द्वारा दिए जा रहे मानसिक दबाव से जुड़ा है।
सर्विस रिवॉल्वर से किया खुद पर वार
मिली जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार देर शाम की है। मृतक दरोगा की पहचान हाजीपुर में जढुआ ओपी अध्यक्ष सब-इंस्पेक्टर कौशल किशोर के रुप में हुई है। बताया जा रहा है कि जब जढुआ बैंकमैन कॉलोनी स्थित अपने किराए के मकान में कौशल किशोर ने अपनी सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुँचे, जहाँ उन्हें लहूलुहान अवस्था में पाया गया। सूचना मिलते ही एसपी विक्रम सिहाग और सदर एसडीपीओ सहित भारी पुलिस बल घटनास्थल पर पहुँचा।
क्या था पूरा मामला?
तिरहुत रेंज के डीआईजी चंदन कुमार कुशवाहा ने बताया कि कौशल किशोर (2019 बैच) का हाजीपुर ट्रेजरी में तैनात एक महिला सिपाही के साथ प्रेम प्रसंग था। करीब 4 महीने पहले कौशल की शादी दूसरी लड़की से हो गई थी। शादी के बाद भी महिला सिपाही उन्हें परेशान कर रही थी और अपनी पत्नी को छोड़ने का दबाव बना रही थी। इसी तनाव के कारण कौशल ने सुसाइड जैसा कदम उठाया।
15 दिन पहले ही मिली थी कमान
मृतक दरोगा मूल रूप से खगड़िया जिले के रहने वाले थे। वे करीब 15 दिन पहले ही बिदुपुर थाना से स्थानांतरित होकर हाजीपुर आए थे, जहाँ उनकी कार्यकुशलता को देखते हुए एसपी ने उन्हें जढुआ ओपी का प्रभार सौंपा था। वे अपनी पत्नी के साथ हाजीपुर में ही रह रहे थे। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और एफएसएल (FSL) की टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब उस महिला कांस्टेबल की भूमिका की भी जांच कर रही है, जिस पर प्रताड़ना का आरोप लगा है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं घटना के बाद परिजन गहरे सदमे में है।