Edited By Harman, Updated: 10 May, 2025 08:36 AM

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जीविका (बिहार ग्रामीण जीविकोपार्जन प्रोत्साहन समिति) को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि राज्य में जीविका के काम से प्रेरित होकर केंद्र सरकार ने इसे पूरे देश में लागू किया है और इसका...
Bihar CM Nitish Kumar: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जीविका (बिहार ग्रामीण जीविकोपार्जन प्रोत्साहन समिति) को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि राज्य में जीविका के काम से प्रेरित होकर केंद्र सरकार ने इसे पूरे देश में लागू किया है।
‘महिला संवाद' कार्यक्रम में जीविका स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करने के दौरान मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आपके द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा किए गए कार्यो तथा महत्वपूर्ण निर्णयों से काफी लाभ हुआ है। उन्होंने कहा सरकारी नौकरियों में महिलाओं के दिए गए आरक्षण से काफी फायदा हो रहा है। महिलाएं न सिर्फ आगे बढ़ रही हैं बल्कि ये आत्मनिर्भर भी बन रही हैं।
मुख्यमंत्री ने जीविका दीदीयों से बातचीत करते हुए कहा, ‘‘ पहले बिहार में स्वयं सहायता समूहों की संख्या काफी कम थी। वर्ष 2006 में हमने विश्व बैंक से कर्ज लेकर स्वयं सहायता समूहों की संख्या बढ़ानी शुरू की। हमलोगों ने ही स्वयं सहायता समूहों को नाम ‘जीविका' दिया। इनसे जुड़ी महिलाएं बिहार में जीविका दीदी कहलाती हैं। हमलोगों के इस काम से प्रेरित होकर उस समय की केंद्र सरकार ने इसे अपनाते हुये पूरे देश में लागू किया और इसका नाम ‘आजीविका' रखा।''
मुख्यमंत्री ने बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना का सांकेतिक चेक, बिहार भवन एवं अन्य तन्ननिर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (विवाह सहायता) का सांकेतिक चेक, बिहार शताब्दी असंगठित कार्य क्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना, आयुष्मान कार्ड, 1946 जीविका स्वयं सहायता समूहों के 23352 दीदी के लिए बैंकों से ऋण संबंधी 58 करोड़ 32 लाख रुपये का सांकेतिक चेक आदि लाभुकों को प्रदान किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, राजस्व एवं भूमि सुधार सह बेगूसराय जिला के प्रभारी मंत्री संजय सरावगी, विधायक राज कुमार सिंह, पूर्व मंत्री मंजू वर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के सचिव दिवेश सेहरा, बेगूसराय प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक आशीष भारती, बेगूसराय के जिलाधिकारी श तुषार सिंगला, पुलिस अधीक्षक मनीष समेत अन्य लोग मौजूद थे।