Edited By Swati Sharma, Updated: 29 Mar, 2025 10:40 AM

Bihar News: बिहार भारतीय जनता पार्टी (BJP) अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल (Dilip Jaiswal) ने केंद्र सरकार (Central government) की ओर से बिहार को दी गई दो बड़ी विकास परियोजना कोसी-मेची रिवर लिंक प्रोजेक्ट (Kosi-Mechi River Link Project) और पटना-आरा-सासाराम...
Bihar News: बिहार भारतीय जनता पार्टी (BJP) अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल (Dilip Jaiswal) ने केंद्र सरकार (Central government) की ओर से बिहार को दी गई दो बड़ी विकास परियोजना कोसी-मेची रिवर लिंक प्रोजेक्ट (Kosi-Mechi River Link Project) और पटना-आरा-सासाराम फोरलेन कॉरिडोर (Patna-Ara-Sasaram Fourlane Corridor) पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) एवं केंद्रीय मंत्रिमंडल का आभार व्यक्त किया है।
ये परियोजनाएं बिहार के विकास की नई आधारशिला रखेंगी- Dilip Jaiswal
डा. जायसवाल (Dilip Jaiswal) ने शुक्रवार को कहा कि ये परियोजनाएं बिहार के विकास की नई आधारशिला रखेंगी और राज्य को आर्थिक, सामाजिक एवं बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में सशक्त बनाएंगी। उन्होंने बताया कि कोसी-मेची रिवर लिंक प्रोजेक्ट से अररिया, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, खगड़यिा, मधेपुरा सहित अन्य सीमावर्ती जिलों में दो लाख हेक्टेयर भूमि की सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। यह परियोजना बाढ़ नियंत्रण में भी सहायक होगी क्योंकि कोसी नदी को ‘बिहार का शोक' कहा जाता है, जो हर साल बाढ़ से तबाही मचाती है। मेची नदी से इसे जोड़ने से बाढ़ की तीव्रता कम होगी और किसानों को राहत मिलेगी। कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी और किसानों की आय दोगुनी करने के संकल्प को मजबूती मिलेगी। डा. जायसवाल ने बताया कि पटना-आरा-सासाराम फोरलेन कॉरिडोर से पटना, आरा और सासाराम के बीच यातायात सुगम होगा, जिससे आवागमन में लगने वाला समय घटेगा और यातायात की रफ्तार बढ़ेगी।यह परियोजना 5 राष्ट्रीय राजमार्गों (एन19, एनएच319, एनएच922, एनएच131जी, एनएच120) और 4 राज्य राजमार्गों (एसएच12, एसएच102, एसएच02, एसएच81) को आपस में जोड़ेगी।यह व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा, जिससे बिहार में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
BJP बिहार के हर नागरिक के विकास के लिए संकल्पित- Dilip Jaiswal
दिलीप जायसवाल (Dilip Jaiswal) ने कहा कि मोदी (PM Modi) के नेतृत्व में केंद्र सरकार बिहार को हर क्षेत्र में आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। पिछले 10 वर्षों में बिहार को रेलवे, राजमार्ग, हवाई अड्डे, सिंचाई, ग्रामीण विकास और औद्योगिक निवेश जैसी कई परियोजनाओं की सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि 2024 में फिर से भाजपा (BJP) सरकार बनने के बाद यह साफ हो गया कि जनता ने ‘विकास' को प्राथमिकता दी है। यह सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास' की नीति पर चलते हुए बिहार को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने के लिए कार्य कर रही है। डॉ. जायसवाल ने बिहार सरकार से अपील करते हुए कहा कि इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं का क्रियान्वयन शीघ्र किया जाए, जिससे जनता को इनका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इन योजनाओं की हर गतिविधि पर नजर रखेंगे और जनता तक इनकी जानकारी पहुंचाने का कार्य करेंगे। उन्होंने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि भाजपा (BJP) बिहार के हर नागरिक के विकास के लिए संकल्पित है और आगे भी इसी तरह विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।