Edited By Radhika, Updated: 03 Apr, 2026 01:51 PM

बिहार की राजनीति में खरमास के बाद सत्ता परिवर्तन की चर्चाएं तेज हैं। ऐसे कयास लगाए हैं कि भाजपा के दिग्गज नेता और वर्तमान डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी अगले मुख्यमंत्री हो सकते हैं। वहीं पूर्व सांसद आनंद मोहन ने एक ऐसा दावा किया है जिसने राजनीतिक...
नेशनल डेस्क : बिहार की राजनीति में खरमास के बाद सत्ता परिवर्तन की चर्चाएं तेज हैं। ऐसे कयास लगाए हैं कि भाजपा के दिग्गज नेता और वर्तमान डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी अगले मुख्यमंत्री हो सकते हैं। वहीं पूर्व सांसद आनंद मोहन ने एक ऐसा दावा किया है जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। आनंद मोहन के अनुसार, भाजपा में मुख्यमंत्री का चयन किसी लिस्ट से नहीं बल्कि 'पर्ची' से होता है।

आनंद मोहन बोले- बीजेपी में निकलती है पर्ची
मुजफ्फरपुर पहुंचे पूर्व सांसद आनंद मोहन से जब मीडिया ने अगले मुख्यमंत्री की पसंद के बारे में सवाल किया, तो उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, "हमारे या आपके चाहने से कुछ नहीं होता। भाजपा की कार्यशैली सबको पता है, वहां तो पर्ची निकलती है। अब किसके भाग्य की पर्ची निकलेगी, इसका बस इंतजार कीजिए।"
आनंद मोहन ने नीतीश कुमार को हटाकर नया चेहरा लाने की जल्दबाजी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने याद दिलाया कि 2025 से 2030 तक नीतीश कुमार के नेतृत्व का वादा किया गया था, तो अचानक ऐसी क्या आफत आ गई कि नेतृत्व परिवर्तन की नौबत आ गई?
बीजेपी के लिए 'खतरे की घंटी'?
आनंद मोहन ने आगाह किया कि अगर यह फैसला किसी दबाव में लिया जा रहा है, तो इसका सबसे बड़ा खामियाजा भाजपा को भुगतना पड़ सकता है। उनके तर्क है कि पिछड़ा, अति पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समुदाय का एक बड़ा हिस्सा नीतीश कुमार के चेहरे पर एनडीए को वोट देता रहा है। नीतीश कुमार को किनारे करने से यह कोर वोट बैंक भाजपा से छिटक सकता है, जिससे भविष्य के चुनावों में पार्टी को भारी नुकसान होने की आशंका है।
हत्याकांड पर प्रशासन को दी चेतावनी
राजनीति के अलावा आनंद मोहन मुजफ्फरपुर में एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के मामले में एसएसपी से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया।