Edited By Ramanjot, Updated: 23 May, 2023 05:04 PM

UPSC 2022 Topper: बक्सर के बंगला घाट मोहल्ले की रहने वाली गरिमा एक व्यवसायी परिवार से हैं। गरिमा ने बताया कि सात साल पहले उनके पिता की मौत हो गई थी, जिसके बाद वो काफी टूट गई थीं। फिर भी उन्होंने हिम्मत नहीं खोई और कई वर्षों की कड़ी मेहनत के बाद यह...
UPSC 2022 Topper: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा 2022 परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। परीक्षा में इशिता किशोर ने पहला रैंक हासिल किया है। वहीं बिहार के बक्सर (Buxur) जिले की गरिमा लोहिया (Garima Lohia) ने पूरे देश में दूसरा स्थान पाया है, जिसके बाद जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। गरिमा की इस उपलब्धि के बाद उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
सात साल पहले हुई थी पिता की मौत
बक्सर के बंगला घाट मोहल्ले की रहने वाली गरिमा एक व्यवसायी परिवार से हैं। गरिमा ने बताया कि सात साल पहले उनके पिता की मौत हो गई थी, जिसके बाद वो काफी टूट गई थीं। फिर भी उन्होंने हिम्मत नहीं खोई और कई वर्षों की कड़ी मेहनत के बाद यह सफलता हासिल की है। गरिमा ने बताया कि दसवीं तक की शिक्षा उनके गृह जिले बक्सर में हुई थी। इसके बाद वह दिल्ली चली गईं, जहां उन्होंने किरोड़ीमल कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई की। इसके बाद कोरोना काल में वह वापस बक्सर अपने घर आ गईं।
ऑनलाइन पढ़ाई कर हासिल की सफलता
बक्सर वापस आने के बाद गरिमा के यूपीएससी (UPSC) की पढ़ाई शुरू की। वहीं कई सालों की कड़ी मेहनत के बाद गरिमा ने अब बड़ी सफलता हासिल की है। गरिमा ने बताया कि यूपीएससी के एग्जाम को पास करने के लिए उन्होंने खूब ऑनलाइन पढ़ाई की। गरिमा तीन भाई बहनों में दूसरे स्थान पर हैं। गरिमा की बड़ी बहन की शादी एक साल पहले हुई और गरिमा से छोटा उनका एक भाई है।
933 अभ्यर्थियों ने उत्तीर्ण की सिविल सेवा परीक्षा
बता दें कि कुल 933 अभ्यर्थियों ने सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण की है। इनमें से 345 कैंडिडेट्स सामान्य, 99 EWS, 263 OBC, 154 SC और 72 ST कैटेगरी से हैं। 178 कैंडिडेट्स की रिजर्व लिस्ट भी तैयार की गई है। IAS पदों पर चयन के लिए 180 कैंडिडेट्स शॉर्टलिस्ट हुए हैं। नतीजों में छपरा के शिशिर कुमार सिंह को 16वां रैंक और पटना के उत्कर्ष उज्ज्वल को 68 वा रैंक मिला है।