Edited By Ramanjot, Updated: 03 Aug, 2026 07:00 PM

अज्ञात वाहन एवं उसके चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वाहन और चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
सुपौल: बिहार के सुपौल जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में एक किशोर की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि किशनपुर बाजार के गोल चौक के पास देवनारायण सादा का पुत्र करण कुमार (15) सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात चारपहिया वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल किशोर को तत्काल किशनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। अज्ञात वाहन एवं उसके चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वाहन और चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।