Edited By Ramanjot, Updated: 14 Jul, 2025 11:26 AM

Sawan Somvar 2025: जिला प्रशासन की टीम डाक कांवरियों को हरिसभा चौक से छोटी कल्याणी की ओर जाने को रास्ता दे रही थी। उसके बाद उन्हें साहू रोड के रास्ते प्रभात सिनेमा चौक होते हुए माखन साह चौक होते मंदिर तक भेजा गया। दंड भरने वाले महिला-पुरुष कांवरियों...
Sawan Somvar 2025: सावन की पहली सोमवारी पर बाबा गरीबनाथ के जलाभिषेक के लिए कांवरियों और स्थानीय श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। रात के 12 बजते ही बाबा गरीबनाथ धाम हर हर महादेव के जयकारे से गूंज उठा। डाक कांवरियों का जत्था भी रात 11 बजे के बाद से शहर में प्रवेश करने लगा।

जिला प्रशासन की टीम डाक कांवरियों को हरिसभा चौक से छोटी कल्याणी की ओर जाने को रास्ता दे रही थी। उसके बाद उन्हें साहू रोड के रास्ते प्रभात सिनेमा चौक होते हुए माखन साह चौक होते मंदिर तक भेजा गया। दंड भरने वाले महिला-पुरुष कांवरियों और चलने में असमर्थ डाक कांवरियों को सेवा दल के सदस्य सहारा देते हुए मंदिर तक पहुंचाने में मदद कर रहे थे।

बाबा गरीबनाथ के जलाभिषेक के लिए कांवरियों की कतार रात दस बजे से ही लगने लगी। इसके साथ ही कांवरियों के जयघोष से पूरा कांवर पथ गुंजायमान हो रहा था। मंदिर के पुजारी पंडित अभिषेक पाठक ने बताया कि कांवरियों के लिए दो मार्ग बनाए गए हैं। बारह बजे से अरघा से जलाभिषेक रात शुरू हुआ जो सोमवार की दोपहर तक जारी रहेगा।