Edited By Harman, Updated: 11 Apr, 2025 03:05 PM

बिहार के मधेपुरा जिले में एक खौफनाक वारदात की खबर निकलकर सामने आ रही है। दरअसल यहां पंचायत मुखिया के पति ने घर में घुसकर महिला की हत्या कर दी है। वहीं इस दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल कायम कर दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा...
Madhepura Crime News: बिहार के मधेपुरा जिले में एक खौफनाक वारदात की खबर निकलकर सामने आ रही है। दरअसल यहां पंचायत मुखिया के पति ने घर में घुसकर महिला की हत्या कर दी है। वहीं इस दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल कायम कर दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गला दबाकर कर दी हत्या
मिली जानकारी के अनुसार, घटना जिले के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र की है। मृतक महिला की पहचान सुनीता कुमारी के रूप में हुई है। हत्या का आरोप पंचायत मुखिया नुसरत प्रवीण के पति मो.सद्दाम पर लगाया गया है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि सुनीता कुमारी अपने घर में थी तभी मो.सद्दाम अपने कुछ साथियों सहित उसके घर में दाखिल हुआ। जिसके बाद उसने सुनीता कुमारी का गला दबाकर निर्ममता के साथ मार दिया। इधर घटना को अंजाम दे आरोपी भाग गया। बताया जा रहा है कि सुनीता कुमारी का पति जेल में है। इस खौफनाक वारदात के पीछे पूर्व का ही कोई विवाद बताया जा रहा है।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस वारदात की जांच में जुट गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।