Edited By Ramanjot, Updated: 10 Sep, 2023 03:04 PM
जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान भारत मंडपम में आदिवासी कलाकृतियों की एक प्रदर्शनी लगाई गई है जिसमें कई कलाओं का सजीव प्रदर्शन किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य विदेशी नेताओं और अतिथियों को भारतीय कला, संस्कृति और धरोहर से परिचित कराना है।...
नई दिल्ली/पटनाः भारत की अध्यक्षता में जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान बिहार के मिथिला क्षेत्र की पारंपरिक और प्रसिद्ध चित्रशैली मधुबनी की धूम रही और इसने लगातार दुनिया भर से आए अतिथियों को आकर्षित किया।
दुनिया भर में प्रसिद्ध है मधुबनी चित्रशैली
जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान भारत मंडपम में आदिवासी कलाकृतियों की एक प्रदर्शनी लगाई गई है जिसमें कई कलाओं का सजीव प्रदर्शन किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य विदेशी नेताओं और अतिथियों को भारतीय कला, संस्कृति और धरोहर से परिचित कराना है। प्रदर्शनी में मधुबनी चित्रशैली का सजीव प्रदर्शन करने वाली 60 वर्षीया महिला शांति देवी ने बताया कि मधुबनी चित्रशैली अपने जटिल विवरण और जीवंत रंगों के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है। कलाकार मनोरम और सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण कलाकृतियों को बनाने के लिए केवल प्राकृतिक रंगों और टहनियों से बने ब्रश का उपयोग करते हैं। मध्यम आकार की कलाकृति का एक टुकड़ा बनाने के लिए अविश्वसनीय धैर्य और समर्पण की आवश्यकता होती है और एक प्रतिभाशाली कलाकार को एक उत्कृष्ट कृति बनाने में सात से 10 दिन लगते हैं।
शांति देवी को मिला प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार
मिथिला की मूल निवासी शांति देवी को उनकी उत्कृष्ट मधुबनी चित्रशैली ने न केवल प्रशंसा दिलाई है, बल्कि उनकी असाधारण शिल्प कौशल के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिला है। मधुबनी चित्रशैली एक भौगोलिक संकेत (जीआई) टैग से सुसज्जित है। यह भारत के सबसे पुराने और सबसे जीवंत कला रूपों में से एक है, जिसका इतिहास 2,500 वर्षों से अधिक पुराना है। शांति देवी अपनी कला के माध्यम से वह अपने गांव, अपने राज्य और अपने देश के लिए एक दूत बन गई हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस कला को संरक्षित करने के लिए अपनी ओर से यथासंभव प्रयास करूंगी और मुझे उम्मीद है कि मेरे बच्चे और पोते-पोतियां इस परंपरा को आगे बढ़ाएंगे।''