Edited By Ramanjot, Updated: 14 Jun, 2025 06:33 PM

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज बिहार वस्त्र एवं चर्म नीति 2022 के अन्तर्गत बेला औद्योगिक क्षेत्र मुजफ्फरपुर में उच्च गुणवत्ता के बैग निर्माण की नई औद्योगिक इकाई (कॉसमस लाइफ स्टाइल प्रा० लि०) का फीता काटकर उद्घाटन किया।
पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज बिहार वस्त्र एवं चर्म नीति 2022 के अन्तर्गत बेला औद्योगिक क्षेत्र मुजफ्फरपुर में उच्च गुणवत्ता के बैग निर्माण की नई औद्योगिक इकाई (कॉसमस लाइफ स्टाइल प्रा० लि०) का फीता काटकर उद्घाटन किया।
उद्घाटन के पश्चात् मुख्यमंत्री ने कॉसमस लाईफस्टाईल प्रा० लि० यूनिट का निरीक्षण किया। साथ ही यहां कराए जा रहे बैग निर्माण कार्यों को देखा और कार्यरत लोगों से बातचीत कर पूरी व्यवस्था की जानकारी ली। यहां निर्माण कार्य में लगे लोगों ने मुख्यमंत्री को बैग के निर्माण कार्य कटिंग, स्टिचिंग आदि के बारे में बताया। यहां निर्मित बैग को भी मुख्यमंत्री ने देखा और उसकी प्रशंसा की। साथ ही निर्माण कार्य में लगे लोगों का उत्साहवर्द्धन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोग राज्य में औद्योगिक इकाइयों को लगाने के लिए निवेशकों को प्रोत्साहित कर रहे हैं। बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति बनाई गई है, जिसमें निवेशकों की सुविधाओं का ध्यान रखा गया है। आज इस औद्योगिक इकाई का उद्घाटन हुआ है, जिसमें अलग-अलग प्रकार के उच्च गुणवत्ता वाले बैग का निर्माण किया जा रहा है। यहां पुरुषों के साथ-साथ महिलाएं भी बैग के निर्माण कार्य में लगी हुई हैं।

उन्होंने कहा कि इस तरह की औद्योगिक इकाई के स्थापित होने से आसपास के लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे एवं उन्हें आर्थिक रूप से मदद मिलेगी जिससे इस क्षेत्र का आर्थिक विकास होगा। हम युवाओं को रोजगार के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं और उन्हें सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं।

ज्ञातव्य है कि यह औद्योगिक इकाई (कॉसमस लाइफ स्टाइल प्रा० लि०) उच्च गुणवत्ता वाले, कम कीमत के बैग एवं उससे संबंधित सहायक उपकरणों का निर्माण कर रही है। इस औद्योगिक इकाई में लगभग 1200 लोगों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं, जिसमें 40 प्रतिशत महिलाएं हैं। इस औद्योगिक इकाई को बिहार वस्त्र एवं चर्म नीति, 2022 के तहत कुल 05 एकड़ भूमि उपलब्ध करायी गयी है, जिस पर कुल 37 करोड़ रुपये निवेश कर संयंत्र स्थापित की गयी है।

निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री सह मुजफ्फरपुर जिला के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा, पर्यटन मंत्री राजू कुमार सिंह, पंचायती राज मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, पूर्व मंत्री सह विधायक रामसूरत राय, विधान पार्षद दिनेश सिंह, पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त राजकुमार, तिरहुत रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक चंदन कुमार कुशवाहा, मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन, उद्योग विभाग के निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता, मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारीगण और कॉसमस लाइफ स्टाइल प्रा० लि० के सिद्दीकी उपस्थित थे।
