Edited By Ramanjot, Updated: 09 Jun, 2026 04:25 PM

मंगलवार तड़के तेज हवा और बारिश के दौरान पीपल के पेड़ की एक भारी डाल सिकंदर सहनी के कच्चे मकान पर गिर गई।
Bihar News: बिहार के सीतामढ़ी जिले में आंधी-तूफान के दौरान पीपल के पेड़ की एक भारी डाल घर पर गिर जाने से एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में नवजात सहित चार बच्चे शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा जिले के रीगा थाना क्षेत्र के रेवासी गांव में मंगलवार तड़के करीब दो बजे हुआ। घटना की पुष्टि करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) आनंद कुमार ने कहा, ''मंगलवार तड़के तेज हवा और बारिश के दौरान पीपल के पेड़ की एक भारी डाल सिकंदर सहनी के कच्चे मकान पर गिर गई। मकान में मौजूद लोग मलबे के नीचे दब गए।'' उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान सिकंदर सहनी की पत्नी पूजा देवी (32) तथा दंपति के चार बच्चों के रूप में हुई है। सभी बच्चों की उम्र 10 वर्ष से कम थी और उनमें एक नवजात भी शामिल था।
यह भी पढ़ें- एक साथ 40 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, 14 पदाधिकारी निलंबित; विभाग में मचा हड़कंप
अधिकारियों के अनुसार, इस हादसे में सिकंदर सहनी घायल हो गए, जिनका उपचार कराया गया है। रीगा के विधायक बैद्यनाथ प्रसाद ने शोकसंतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। विधायक कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, प्रसाद ने संबंधित अधिकारियों को सरकारी सहायता राशि शीघ्र उपलब्ध कराने तथा सभी आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी करने का निर्देश दिया।