Edited By Ramanjot, Updated: 05 Aug, 2025 09:23 PM

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज बांस घाट स्थित देशरत्न डॉ० राजेन्द्र प्रसाद की समाधि स्थल और जे०पी० गंगा पथ के बीच विकसित किये जाने वाले 'वेस्ट टू वंडर' थीम पार्क का स्थल निरीक्षण किया।
पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज बांस घाट स्थित देशरत्न डॉ० राजेन्द्र प्रसाद की समाधि स्थल और जे०पी० गंगा पथ के बीच विकसित किये जाने वाले 'वेस्ट टू वंडर' थीम पार्क का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने वीडियो क्लिप के माध्यम से विकसित किये जाने वाले 'वेस्ट टू वंडर' थीम पार्क के संदर्भ में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुये कहा कि भारत के प्रथम राष्ट्रपति देशरत्न डॉ० राजेन्द्र प्रसाद की समाधि स्थल के पास 'वेस्ट टू वंडर' थीम पार्क के बन जाने से यहां का दृश्य काफी मनोरम होगा। इस थीम पार्क के एक तरफ देशरत्न डॉ० राजेन्द्र प्रसाद जी का समाधि स्थल है, वहीं दूसरी ओर जे०पी० गंगा पथ अवस्थित है, जिससे बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन आवागमन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बांस घाट स्थित देशरत्न डॉ० राजेन्द्र प्रसाद की समाधि स्थल के निकट ही लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी का समाधि स्थल है। मुख्यमंत्री ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी के समाधि स्थल को भी विकसित करने का निर्देश दिया।

इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने बांस घाट क्षेत्र में निर्माणाधीन शवदाह गृह परिसर के प्रगति कार्य का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माणाधीन शवदाह गृह की कार्य प्रगति एवं अद्यतन स्थिति के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

निरीक्षण के दौरान विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, पटना प्रमण्डल के आयुक्त डॉ० चन्द्रशेखर सिंह, पटना नगर निगम के आयुक्त एवं बुडको के प्रबंध निदेशक अनिमेष पराशर, जिलाधिकारी डॉ० त्यागराजन एस०एम० सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
