Edited By Ramanjot, Updated: 24 Apr, 2026 02:34 PM

राज्य के 243 सदस्यीय सदन में यह प्रस्ताव ध्वनि मत से पारित हो गया, जहां भाजपा नीत राजग को 202 सीट के साथ भारी बहुमत प्राप्त है।
Samrat Choudhary News: बिहार में सम्राट चौधरी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार ने शुक्रवार को राज्य विधानसभा में विश्वास मत हासिल कर लिया। राज्य विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र के दौरान चौधरी ने यह प्रस्ताव पेश किया कि ''सदन राज्य की वर्तमान मंत्रिपरिषद में अपना विश्वास व्यक्त करे।''
NDA को 202 सीट के साथ भारी बहुमत प्राप्त
राज्य के 243 सदस्यीय सदन में यह प्रस्ताव ध्वनि मत से पारित हो गया, जहां भाजपा नीत राजग को 202 सीट के साथ भारी बहुमत प्राप्त है। इस महीने की शुरुआत में जनता दल (यूनाइटेड) अध्यक्ष नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने पर मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद चौधरी राज्य में सरकार का नेतृत्व करने वाले पहले भाजपा नेता बने। नए मंत्रिमंडल में केवल दो जदयू नेता विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को शामिल किया गया और उन्हें उपमुख्यमंत्री नामित किया गया।
जद(यू) के अलावा राज्य में भाजपा नीत गठबंधन में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास), केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के नेतृत्व वाली हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा और राज्यसभा सदस्य उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल हैं। पिछले साल नवंबर में हुए चुनावों में इस पांच दलीय गठबंधन ने 202 सीट जीती थीं।