Edited By Ramanjot, Updated: 06 Jun, 2025 10:23 PM

देश की रक्षा करते हुए ऑपरेशन Snow Leopard में वीरगति को प्राप्त हुए बिहार के लाल नायक (Nk) देव किशोर साह को आज पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।
पटना:देश की रक्षा करते हुए ऑपरेशन Snow Leopard में वीरगति को प्राप्त हुए बिहार के लाल नायक (Nk) देव किशोर साह को आज पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। सारण जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धनों बाबुरिया टोला निवासी शहीद देव किशोर साह (No 4293321K), 19 बिहार रेजिमेंट के जवान थे। उन्होंने 5 जून 2025 को दुर्गम परिस्थितियों में युद्ध जैसी कार्रवाई करते हुए मातृभूमि के लिए अपने प्राणों की आहुति दी।
शहीद का पार्थिव शरीर 6 जून को सुबह 9:15 बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचा, जहां उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर राज्य सरकार, सैन्य अधिकारियों और पुलिस प्रशासन के साथ-साथ भूतपूर्व सैनिकों ने भी उनकी वीरता को नमन किया।
बिहार सरकार की ओर से मुख्यमंत्री की तरफ से सुमित कुमार सिंह, मंत्री (विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी) ने शहीद को पुष्पचक्र अर्पित किया। सेना की ओर से COAS और GOC-in-C, Central Command की तरफ से सैन्य अधिकारियों ने सम्मान दिया।
गृह विभाग के सचिव प्रणव कुमार, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, पटना के एसएसपी अवकाश कुमार, और सैनिक कल्याण निदेशालय, बिहार के निदेशक ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर वीर सपूत को श्रद्धांजलि दी।

देश की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद देव किशोर साह की यह शहादत न सिर्फ बिहार, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उनकी वीरता, साहस और समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा।