Edited By Harman, Updated: 26 Apr, 2025 09:30 AM

भारत-नेपाल सीमा पर बिहार के रक्सौल बॉर्डर से एक अमेरिकी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। इमिग्रेशन विभाग ने उसे अवैध रूप से भारत में रहने और नेपाल में प्रवेश की कोशिश करने के दौरान पकड़ा।
American Citizen Arrested: भारत-नेपाल सीमा पर बिहार के रक्सौल बॉर्डर से एक अमेरिकी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। इमिग्रेशन विभाग ने उसे अवैध रूप से भारत में रहने और नेपाल में प्रवेश की कोशिश करने के दौरान पकड़ा।
वीजा खत्म होने के बाद भारत में था अमेरिकी नागरिक
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान एटान (42) के रूप में हुई है। वह अमेरिका के वर्जीनिया प्रांत के बेन शहर का रहने वाला है। वह टूरिस्ट वीजा पर भारत आया था, जिसकी अवधि 180 दिनों की थी। नेपाल से भारत मे आने के दौरान अक्टूबर 2024 में उक्त अमेरिकी नागरिक रक्सौल इमिग्रेशन में इंट्री के लिए आया था। लेकिन, रक्सौल इमिग्रेशन ने 180 दिन की समय सीमा देख रिफ्यूजल स्टाम्प लगा कर उसे वापस नेपाल भेज दिया था। इसके बावजूद एटान ने अवैध रूप से भारत में पुन: प्रवेश किया और यहां रहने लगा।
भारत से नेपाल जाने के दौरान रक्सौल बॉर्डर से धर-दबोचा
बताया जा रहा है कि 25 अप्रैल, 2025 शुक्रवार को भारत से नेपाल जाने के दौरान रक्सौल बॉर्डर पर भारतीय इमिग्रेशन विभाग ने एटान को गिरफ्तार कर लिया और हरैया थाना को सौप दिया है। हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने बताया कि पुलिस एटान के भारत में रहने के उद्देश्य की जांच कर रही है। उसके संपर्क और संभावित सुरक्षा खतरों की भी जांच चल रही है। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुई आतंकी घटना के बाद भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों ने चौकसी बढ़ा रखी है। फिलहाल एटान पुलिस की गिरफ्त में है, जिसे पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी है।