Edited By Ramanjot, Updated: 01 Mar, 2025 05:29 PM

: बिहार के सुपौल जिले के किसनपुर थाना क्षेत्र के दीघिया गांव निवासी सुशांत कुमार की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इलाज के दौरान शुक्रवार की रात उसकी मौत हो गई।
सुपौल: बिहार के सुपौल जिले के किसनपुर थाना क्षेत्र के दीघिया गांव निवासी सुशांत कुमार की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इलाज के दौरान शुक्रवार की रात उसकी मौत हो गई। इस खबर के बाद शनिवार को शहर में आक्रोश फैल गया। गुस्साए स्थानीय लोगों और परिजनों ने सुपौल सदर बाजार के लोहिया चौक पर शव रखकर प्रदर्शन किया और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।
भोज के बहाने बुलाया, फिर मारी गोली
मामला 25 फरवरी का है जब कुछ अज्ञात अपराधियों ने सुशांत कुमार को फोन कर भोज पर बुलाया। भोज के बाद जब वह लौट रहा था, तो किसनपुर के मोजहा पुल के पास उसे घेरकर गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल सुशांत को प्राथमिक इलाज के बाद सुपौल से विराटनगर रेफर किया गया, जहां चार दिन तक चले इलाज के बाद उसकी मौत हो गई।
सड़क जाम कर फूटा गुस्सा, पुलिस पर लापरवाही का आरोप
युवक की मौत के बाद गुस्साए लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। मृतक के परिजनों का कहना है कि घटना के तुरंत बाद ही पुलिस को नामजद आरोपियों की जानकारी दी गई थी, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई, जिससे लोग आक्रोशित हो गए।
डीएसपी ने दिया कार्रवाई का आश्वासन, जांच जारी
सूचना मिलते ही सदर डीएसपी आलोक कुमार मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उनके आश्वासन के बाद लोगों ने सड़क जाम हटाया और स्थिति सामान्य हुई। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच चल रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।