Edited By Swati Sharma, Updated: 06 Jun, 2025 12:53 PM

Khagaria Crime News: बिहार के खगड़िया जिले से एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां पर एक तांत्रिक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इतना ही नहीं, फिर शव को नदी किनारे गड्ढे में दफना दिया। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।...
Khagaria Crime News: बिहार के खगड़िया जिले से एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां पर एक तांत्रिक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इतना ही नहीं, फिर शव को नदी किनारे गड्ढे में दफना दिया। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, मामला जिले के अलौली थाना क्षेत्र के रत्नहा गांव का है। मृतक की पहचान अलौली थाना क्षेत्र के रहने वाले ओझा एतबारी सदा के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों ने बताया कि ओझा एतबारी सदा भोज के विवाद में हुए मारपीट के बाद से लापता हो गए थे। परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांव से लगभग 2-3 किलोमीटर दूर नदी किनारे मिट्टी खोदकर शव बरामद किया।
2 लोग गिरफ्तार
मृतक के पुत्र के अनुसार, गांव के कुछ लोगों ने पिता की गांव से करीब 2-3 किलोमीटर दूर ले जाकर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या की और फिर शव को बोरे में भरकर नदी किनारे गड्ढे में दफना दिया। इस मामले में मृतक की पत्नी की शिकायत पर 12 नामजद और 5 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।