Edited By Ramanjot, Updated: 14 Aug, 2026 03:13 PM

संजय झा ने कहा, ''अब उनकी पार्टी 19 अगस्त को बिहार में राजभवन मार्च निकालेगी... वह बिहार में पूर्णकालिक राजनीति नहीं, अंशकालिक राजनीति कर रहे हैं।'' तेजस्वी यादव ने हाल ही में घोषणा की थी कि राजद 19 अगस्त को पटना में राजभवन तक मार्च निकालेगा।
पटना: जनता यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने शुक्रवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह बिहार में ''पूर्णकालिक नहीं, अंशकालिक राजनीति'' कर रहे हैं। पटना में संवाददाताओं से बातचीत में झा ने कहा कि जब छात्र दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे थे, उस समय तेजस्वी यादव विदेश दौरे पर थे और छात्रों की मांगें माने जाने के बाद ही वापस लौटे।
संजय झा ने कहा, ''अब उनकी पार्टी 19 अगस्त को बिहार में राजभवन मार्च निकालेगी... वह बिहार में पूर्णकालिक राजनीति नहीं, अंशकालिक राजनीति कर रहे हैं।'' तेजस्वी यादव ने हाल ही में घोषणा की थी कि राजद 19 अगस्त को पटना में राजभवन तक मार्च निकालेगा। यह मार्च पिछले महीने सीवान में छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा कथित तौर पर एके-47 के इस्तेमाल के विरोध में निकाला जाएगा। जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि 25 जुलाई को सीवान में हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर एके-47 का इस्तेमाल करने वाले पुलिसकर्मी के खिलाफ पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि ऐसे में इस घटना को लेकर अब जुलूस निकालने का कोई मतलब नहीं है।
झा ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें इसके बजाय रांची जाना चाहिए, जहां छात्र नौकरी संबंधी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ''वहां महागठबंधन की सरकार है और राजद उसका घटक है। इसलिए यादव को रांची जाकर राज्य सरकार पर प्रदर्शनकारी छात्रों की सभी मांगें स्वीकार करने के लिए दबाव बनाना चाहिए।''