Edited By Ramanjot, Updated: 21 Apr, 2026 02:31 PM

सोशल मीडिया पर एक सब-इंस्पेक्टर और महिला सिपाही का आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। एसपी पूरन कुमार झा ने कड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी एसआई सुजीत कुमार और महिला सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
Siwan News : बिहार के सीवान जिले से पुलिस की वर्दी को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। रघुनाथपुर थाना में पूर्व में तैनात रहे एक सब-इंस्पेक्टर और डायल 112 की महिला सिपाही का आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं घटना का संज्ञान लेते हुए एसपी पूरन कुमार झा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। हालांकि, वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि यह पुराना है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो एक बंद कमरे का बताया जा रहा है। वीडियो में देखा जा सकते हैं कि दीवार पर पुलिस की वर्दी टंगी हुई है। वीडियो के दृश्यों से प्रतीत होता है कि इसे किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा वेंटिलेटर के जरिए गुप्त रूप से रिकॉर्ड किया गया है। वीडियो के अंत में महिला सिपाही को किसी के होने का आभास होता है, जिसके बाद वीडियो बना रहा व्यक्ति वहां से भाग निकलता है। वीडियो में दिख रहे पुलिसकर्मियों की पहचान सब-इंस्पेक्टर सुजीत कुमार और एक महिला सिपाही के रूप में हुई है। सुजीत कुमार वर्तमान में पचरुखी थाना में तैनात हैं, जबकि महिला सिपाही पुलिस लाइन में कार्यरत है।
ब्लैकमेलिंग की भी चर्चा
हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो काफी पुराना बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, वीडियो बनाने वाले असामाजिक तत्वों ने दोनों पुलिसकर्मियों को लंबे समय तक ब्लैकमेल भी किया था। तब मामला सामने आने के बाद दोनों का अलग-अलग जगहों पर तबादला कर दिया गया था, लेकिन सोमवार को अचानक यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
पुलिस मुख्यालय में मचा हड़कंप
वीडियो के वायरल होते ही पुलिस मुख्यालय में हड़कंप मच गया, जिसके बाद दोनों को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी है। दोनों संबंधित पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है और वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है।