Edited By Ramanjot, Updated: 03 Jun, 2026 01:28 PM

विभाग ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि से पहले आवेदन कर योजना का लाभ उठाएं। इस योजना के तहत अबतक 200 से अधिक एससी-एसटी युवा-युवतियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
Bihar News: बिहार में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (SC-ST) समुदाय के अभ्यर्थियों को मुफ्त चालक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। एससी-एसटी कल्याण विभाग के तहत संचालित बिहार महादलित विकास मिशन ने आर्थिक और सामाजिक रूप से पिछड़े दलित वर्गों के लिए हल्के एवं भारी मोटर चालक प्रशिक्षण कोर्स की शुरुआत की है। इससे एससी-एसटी समुदाय के अभ्यर्थियों प्रशिक्षण पाकर निजी अथवा किसी भी आगामी सरकारी नौकरियों में चालक के रूप में रोजगार प्राप्त कर सकें।
30 जून तक करें आवेदन
प्रशिक्षण औरंगाबाद स्थित चालक प्रशिक्षण-सह-यातायात शोध संस्थान में दिया जा रहा है। इसके लिए ऑनलाईन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून तक निर्धारित है। विभाग ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि से पहले आवेदन कर योजना का लाभ उठाएं। इस योजना के तहत अबतक 200 से अधिक एससी-एसटी युवा-युवतियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। दोनों ही कोर्स के लिए उम्र सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित है। एलएमवी के लिए योग्यता मैट्रिक पास या एलएमवी का लर्निंग लाइसेंस अनिवार्य है।
सभी जिलों के अभ्यर्थी कर सकते हैं आवेदन
वहीं एचएमवी के लिए मैट्रिक पास होने के साथ एक वर्ष पुराना एलएमवी चलाने का परमानेंट लाइसेंस और एचएमवी चलाने का लर्नर लाइसेंस होना अनिवार्य है। एलएमवी के लिए प्रशिक्षण अवधि 21 दिन और एचएमवी के लिए 30 दिन होगी। राज्य के सभी जिलों के एससी-एसटी अभ्यर्थी इस योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। प्रशिक्षण, भोजन एवं आवासन पूरी तरह निशुल्क है। अभ्यर्थियों का चयन निर्धारित योग्यता के आधार पर‘पहले आओ, पहले पाओ'के सिद्धांत पर किया जाएगा। उम्र की गणना एक जनवरी 2026 के अनुसार की जाएगी।
यह भी पढ़ें- एक हफ्ते में 23 अधिकारियों पर गिरी गाज, राजस्व विभाग में मची खलबली
इच्छुक अभ्यर्थी मिशन की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन करने के बाद फॉर्म डाउनलोड कर आवश्यक दस्तावेजों (मैट्रिक, इंटरमीडिएट, जाति, आवास प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड एवं एचएमवी/एलएमवी लाइसेंस की स्व-अभिप्रमाणित छायाप्रति) को संलग्न करके रजिस्टर्ड डाक से पटना सचिवालय विस्तारीकरण भवन द्वितीय तल, ब्लॉक-3, 800015 बिहार महादलित विकास मिशन के मिशन निदेशक के पते पर भेजना अनिवार्य है। विस्तृत जानकारी के लिए जिला कल्याण पदाधिकारी, प्रशिक्षण केंद्र के प्रतिनिधि (मोबाइल नंबर 9264456639) अथवा बिहार महादलित विकास मिशन के टोल-फ्री नंबर 1800-345-6345 पर संपर्क किया जा सकता है।