Edited By Ramanjot, Updated: 04 Aug, 2025 10:01 PM

बिहार सरकार ने प्रशासनिक सेवा में एक बड़ा बदलाव करते हुए 1991 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी प्रत्यय अमृत को बिहार का अगला मुख्य सचिव नियुक्त किया है।
पटना:बिहार सरकार ने प्रशासनिक सेवा में एक बड़ा बदलाव करते हुए 1991 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी प्रत्यय अमृत को बिहार का अगला मुख्य सचिव नियुक्त किया है। वर्तमान मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा 31 अगस्त 2025 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। खास बात यह है कि सरकार ने रिटायरमेंट से 27 दिन पहले ही नए मुख्य सचिव की नियुक्ति कर दी है। प्रत्यय अमृत 1 सितंबर 2025 को पद संभालेंगे। सरकार ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है।
वर्तमान में प्रत्यय अमृत बिहार के विकास आयुक्त के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव के पद का भी अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे हैं। अब उन्हें मुख्य सचिव कार्यालय में विशेष कार्य पदाधिकारी के रूप में 1 सितंबर को कार्यभार ग्रहण करने तक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
यह अधिसूचना बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 4 अगस्त 2025 को जारी की गई है, जिसे अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर ने राज्यपाल के आदेश से प्रकाशित किया है।
प्रत्यय अमृत को कार्यकुशलता, जन-हितैषी सोच और सुशासन में उनके बेहतरीन योगदान के लिए जाना जाता है। उनकी अगुवाई में बिहार के प्रशासनिक कार्यों को नई दिशा मिलने की संभावना जताई जा रही है।