Edited By Ramanjot, Updated: 24 Nov, 2020 12:41 PM
बिहार में रोहतास जिले के दावथ थाना क्षेत्र में पिकअप वैन के पलटने से दो लोगों की मौत हो गई। वहीं दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सासारामः बिहार में रोहतास जिले के दावथ थाना क्षेत्र में पिकअप वैन के पलटने से दो लोगों की मौत हो गई। वहीं दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि वैशाली जिले के देसरी थाना क्षेत्र के चंद्रपुरा गांव के रहने वाले करीब 24 लोग पिकअप वैन पर सवार होकर रविवार की देर रात दावथ थाना क्षेत्र के विशनपुरा गांव में मछली पालन के लिए आ रहे थे तभी छितौनी गांव के निकट पिकअप वैन पलट गई। इस दुर्घटना में पिकअप वैन पर सवार दो लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूत्रों ने बताया कि मृतकों की पहचान विजेन्द्र सहनी और मुकेश सहनी के रूप में की गई है। मृतकों की उम्र 35 से 40 वर्ष के बीच है। घायलों को सासाराम सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।