Edited By Khushi, Updated: 18 Feb, 2026 11:41 AM

Garhwa News: गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में एक साल की मासूम बच्ची की जान चली गई, जबकि दूसरी बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। ईंट भट्ठा परिसर में बेकाबू घोड़े ने दोनों बच्चियों को कुचल दिया। घटना के बाद इलाके में मातम का...
Garhwa News: गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में एक साल की मासूम बच्ची की जान चली गई, जबकि दूसरी बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। ईंट भट्ठा परिसर में बेकाबू घोड़े ने दोनों बच्चियों को कुचल दिया। घटना के बाद इलाके में मातम का माहौल है।
काव्य कुमारी की मौके पर ही मौत
जिले के मेराल थाना क्षेत्र के खोलरा गांव स्थित के बी ईंट भट्ठा परिसर में बीते मंगलवार देर शाम एक हृदयविदारक घटना घटी। ईंट ढोने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे घोड़े के अचानक बेकाबू हो जाने से दो मासूम बच्चियां उसकी चपेट में आ गईं। इस हादसे में एक वर्षीय काव्य कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन वर्षीय आरती कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल आरती को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी हालत नाजुक देखते हुए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि हादसे में उसकी एक आंख पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
घोड़ा अचानक बेकाबू हो गया
जानकारी के मुताबिक, मृत बच्ची काव्य के पिता सतीश कुमार केवट छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के गोवाडीह गांव के निवासी हैं। वहीं घायल आरती के पिता अघनू केवट बिलासपुर जिले के हरदी गांव के रहने वाले हैं। दोनों परिवार के सदस्य के बी ईंट भट्ठा में मजदूरी कर ईंट बनाने का काम करते हैं। बीते मंगलवार शाम भट्ठा परिसर में इक्का-घोड़ा के जरिए कच्ची ईंट की ढुलाई की जा रही थी। इसी दौरान घोड़ा अचानक बेकाबू हो गया और पास में खेल रही दोनों बच्चियों को कुचल दिया। घटना के समय बच्चियों के माता-पिता काम में व्यस्त थे, इसलिए उन्हें तुरंत हादसे की जानकारी नहीं मिल सकी।
पूरे मामले की जांच जारी है
घटना की सूचना मिलते ही मेराल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की है। पीड़ित परिवार ने दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस और प्रशासन ने हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है। देर रात खनन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच की। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।